राहत कार्यों के लिए 50 लाख डॉलर की धनराशि
म्यांमार में शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकम्प में शनिवार तक 1000 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद वहां हालात अस्त- व्यस्त हो गए...

म्यांमार, थाईलैंड में भीषण भूकम्प के बाद राहत कार्यों व सहायता के प्रयास शुरू
अब तक हजार से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका
म्यांमार में शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकम्प में शनिवार तक 1000 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद वहां हालात अस्त- व्यस्त हो गए हैं। राहत कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़े पैमाने पर जान-माल की हानि की ख़बरों के बीच संयुक्त राष्ट्र सहायताकर्मी प्रभावित इलाक़ों में बचाव एवं राहत कार्यों में जुट गए हैं। म्यांमार इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, लेकिन पड़ोसी देश थाईलैंड में भी इमारतों को नुक़सान पहुंचा है और वहां भी बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की जानकारी मिल रही है।
आपात राहत मामलों में समन्वय के लिए यूएन अवर महासचिव टॉम फ़्लैचर ने सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म पर अपने सन्देश में बताया कि यूएन सहायताकर्मियों को वैश्विक नैटवर्क से ज़रूरी समर्थन प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, केन्द्रीय आपात राहत कोष से जीवनरक्षक राहत कार्यों के लिए 50 लाख डॉलर की धनराशि आवंटित की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्यांमार का मैंडाले शहर, रिक्टर पैमाने पर 7.7 की तीव्रता वाले इस भूकम्प का केन्द्र था, जहां बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं, पड़ोसी देश थाईलैंड में भी निर्माण कार्य में जुटे 80 कर्मचारी लापता बताए गए हैं। म्यांमार के मैंडाले प्रान्त में सबसे ज्यादा क्षति की ख़बरें हैं। इसके अलावा पी टॉ, बागो, मैग्वे, सगाइंग समेत अन्य इलाक़ों में नुक़सान होने की आशंका जताई गई है। इमारतों व बुनियादी ढांचों को हुए नुक़सान के अलावा बांध के टूटने का भी खतरा बना हुआ है। देश के कुछ हिस्सों में बिजली और संचार व्यवस्था ठप हो गई है।





No Comment! Be the first one.