ट्रम्प का यू- टर्न, स्मार्टफोन, कम्प्यूटर, मेमोरी चिप को दी टैरिफ से छूट
फिलहाल इस फैसले से उनकी 'रेसिप्रोकल टैरिफ' वाली रणनीति थोड़ी नरम पड़ गई है। अमेरिका अब संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा...

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आखिर दुनिया के लिए एक राहत भरी खबर दे ही दी। महंगे होने के डर से ट्रम्प प्रशासन ने कहा कि फोन, कम्प्यूटर, चिप्स आदि पर ‘रेसिप्रोकल’ टैरिफ नहीं लगेंगे। फिलहाल ये नहीं बताया गया है कि ये राहत कब तक बनी रहेगी। लगातार घरेलू दबाव व विरोध के चलते ट्रम्प प्रशासन हालात सामान्य करने की जुगत में लगा है। ऐसा माना जा रहा है कि इस फैसले से ग्राहकों को महंगाई से कुछ हद तक राहत मिलेगी। साथ ही, ऐप्पल और सैमसंग जैसी नामी कंपनियों को भी लाभ होगा। यहां ये जानना जरूरी है कि ट्रम्प प्रशासन ने इससे पूर्व चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगाया था। फिलहाल इस फैसले से उनकी ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ वाली रणनीति थोड़ी नरम पड़ गई है। अमेरिका अब संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है।
चीन की ओर मित्रता का कदम तो नहीं!
लोगों का यह भी मानना है कि यह एक रणनीतिक कदम है। इससे कारोबारियों और लोगों को महंगाई और सप्लाई में होने वाली दिक्कतों से बचाया जा सकेगा। वहीं दूसरी ओर इसे चीन की ओर मित्रता का एक कदम भी बताया जा रहा है। अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन के अनुसार ट्रम्प के चीन पर लगने वाले 125% टैक्स और लगभग सभी देशों पर लगने वाले 10% टैक्स से इन चीजों को बाहर रखा गया है। टैरिफ में छूट पाने वाली वस्तुओं में स्मार्टफोन, लैपटॉप, हार्ड ड्राइव, प्रोसेसर और मेमोरी चिप जैसे कई सामान शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इसमें से ज्यादातर वस्तुएं अमेरिका में नहीं बनती।






No Comment! Be the first one.