पाक नेता उड़ा रहे थे ‘मॉक ड्रिल’ का मजाक, भारतीय सेना ने आधी रात कर दिया ‘उपचार’
भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम घटना के दो सप्ताह बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइली हमले...

‘आपरेशन सिंदूर’
भारत ने मंगलवार की आधी रात के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाते हुए ‘आपरेशन सिंदूर’ चलाया। भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम घटना के दो सप्ताह बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइली हमले किए। इनमें आतंकवादी समूह लश्कर-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि पहलगाम की घटना के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बुधवार रात को ‘मॉक ड्रिल’ करने का निर्देश जारी किए थे। इस मॉक ड्रिल को लेकर कई पाकिस्तानी नेताओं ने मजाक भी उड़ाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने मॉक ड्रिल से एक दिन पहले ही पड़ोसी देश में जबर्दस्त हमले कर दिए।
सिर्फ आतंकवादी बुनियादी ढांचे को बनाया निशाना
रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार देर रात 1.44 बजे एक बयान में कहा कि सैन्य हमले ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत किए गए और भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली रही है तथा यह ध्यान रखा गया है कि यह और न बढ़े। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारतीय मिसाइल हमलों को ‘युद्ध की कार्रवाई’ करार दिया और कहा कि उनके देश को ‘उचित जवाब’ देने का पूरा अधिकार है। इधर, भारत की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘कुछ देर पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में उन आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला करते हुए ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ शुरू किया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों का मंसूबा बनाया गया और इसे निर्देशित किया गया।’
कोई भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान पर निशाना नहीं
बयान में कहा गया, ‘किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्य के चयन और क्रियान्वयन के तरीके में काफी संयम दिखाया है।’ सूत्रों ने कहा कि सभी नौ ठिकानों पर हमले सफल रहे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की बारीकी से निगरानी की।
बहावलपुर समेत नौ ठिकाने निशाने पर
अधिकारियों ने बताया कि जिन नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय शामिल है, दो पाकिस्तान के पंजाब में हैं। ये बता दें कि यह कार्रवाई 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह की गई है। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।






No Comment! Be the first one.