पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों पर राज
‘बॉबी’ फिल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई थी कि डिम्पल की खूबसूरती पर तब के सुपरस्टार राजेश खन्ना फिदा हो गए। डिम्पल के सौंदर्य का उन पर ऐसा जादू चला कि उन्होंने शादी का प्रस्ताव...

मधुबाला के बाद सबसे खूबसूरत हीरोइन मानी जाती है डिम्पल
सुधांशु टाक,
– वरिष्ठ पत्रकार
Table Of Content
साल 1973. निर्देशक राजकपूर की फिल्म ‘बॉबी’ रिलीज हुई। इस फिल्म में उनके बेटे ऋषि कपूर के साथ एक नई लड़की को लॉन्च किया। इस लड़की का नाम था डिम्पल कपाड़िया। बेहद खूबसूरत डिम्पल की अदायगी से दर्शक सम्मोहित हो गए और इस फिल्म से वह रातों-रात सुपरस्टार बन गईं थीं। अपनी पहली ही फिल्म में लाल रंग की बिकनी पहनकर डिम्पल ने सबको चौंका दिया था। पहली ही फिल्म के लिए उनको बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला। लेकिन इस दौरान एक महत्वपूर्ण बात और हुई। वह यह कि डिम्पल की शादी हो गई। सही सुना आपने.. शादी! हुआ यूं कि ‘बॉबी’ फिल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई थी कि डिम्पल की खूबसूरती पर तब के सुपरस्टार राजेश खन्ना फिदा हो गए। डिम्पल के सौंदर्य का उन पर ऐसा जादू चला कि उन्होंने शादी का प्रस्ताव रखा। राजेश डिम्पल से लगभग दोगुनी उम्र के थे, पर डिम्पल ने इस बेमेल विवाह के परिणाम पर सोचे विचारे बिना ही शादी के लिए हां कर दी। डिम्पल सुपरस्टार राजेश खन्ना की फैन थी। ‘बॉबी’ के रिलीज़ होने के पहले ही डिम्पल राजेश खन्ना के आशीर्वाद की रानी बन चुकी थी। ‘बॉबी’ जबरदस्त हिट तो हुई ही, हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई। ऋषि कपूर और डिम्पल कपाड़िया रातोंरात चमकते सितारे बन गए, लेकिन डिम्पल के करियर पर राजेश खन्ना ने ब्रेक लगा दिया और फिल्मों में काम करने से मना कर दिया। इस तरह डिम्पल की प्रतिभा घर की चारदीवारी में कैद हो गई। यहीं से इन दोनों के संबंधों में दरार पड़नी शुरू हो गई, जो समय के साथ-साथ और चौड़ी होती चली गई। डिम्पल ने एक दशक के लिए फिल्मों को अलविदा कह दिया था। इसी दौरान उनकी दोनों बेटियों ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना का जन्म हुआ। डिम्पल और राजेश खन्ना की शादी भी ज्यादा दिन नहीं चली और साल 1982 में डिम्पल राजेश खन्ना से अलग हो गईं, लेकिन दोनों ने तलाक नहीं लिया था।
डिम्पी, डिम्पी कह कर ढूंढते रह गए राजेश खन्ना
डिम्पल के राजेश खन्ना से अलग होने का किस्सा भी बड़ा अलग है। ये बात उन दिनों की है जब राजेश खन्ना हीरोइन टीना मुनीम के साथ मॉरीशस में फ़िल्म सौतन की शूटिंग कर रहे थे। फ़िल्म के निर्देशक सावन कुमार टाक बताते हैं कि उस फ़िल्म की शूटिंग के दौरान ही राजेश खन्ना का टीना मुनीम से रोमांस शुरू हुआ था और डिम्पल कपाड़िया उनके जीवन से बाहर चली गई थीं। टाक कहते हैं, ‘डिम्पल मॉरिशस आई थीं, जब उन्होंने अपनी आंखों से देखा कि राजेश टीना मुनीम के बहुत नज़दीक जा रहे हैं तो वो वापस मुंबई चली गईं। एक दिन राजेश खन्ना शूटिंग से वापस आए तो वो उन्हें डिम्पी, डिम्पी, डिम्पी कह कर ढूंढ रहे थे, लेकिन उन्हें डिम्पल कहीं नहीं मिलीं। मैंने कहा काका आपने एक चीज़ नोटिस नहीं की। ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर क्या लिखा है। उन्होंने पूछा, क्या? उस पर लिखा था, ‘आई लव यू, गुड बाय।’ टाक आगे बताते हैं, ‘बाद में पता चला कि डिम्पल जहाज़ से वापस मुंबई चली गई थीं। मुझे लगा कि इतनी बड़ी बात का भी राजेश खन्ना पर कोई असर नहीं हुआ और वो पहले की तरह टीना मुनीम के साथ शूटिंग करते रहे। उसके बाद डिम्पल उनके घर आशीर्वाद में कभी नहीं लौटीं।’
वर्ष 1984 में प्रदर्शित फिल्म जख्मी शेर से डिम्पल ने फिल्म इंडस्ट्री में कमबैक किया, लेकिन यह फिल्म सफल नहीं हुई। वर्ष 1985 में डिम्पल को एक बार फिर से ऋषि कपूर के साथ सागर में काम करने का अवसर मिला। रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में डिम्पल ने अपने बोल्ड अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। सागर के बाद डिम्पल की छवि फिल्म इंडस्ट्री में एक बोल्ड अभिनेत्री के रूप में बन गई। वर्ष 1986 में प्रदर्शित फिल्म जांबाज इसका दूसरा उदाहरण बनी। वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म ‘जख्मी औरत’ डिम्पल की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्होंने एक इंस्पेक्टर का किरदार निभाया था, जिसका बलात्कार हो जाता है और वह अपराधियों से अपना बदला लेती है।
‘लेकिन’ व ‘रूदाली’ डिम्पल की यादगार फिल्में
वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म ‘लेकिन’ डिम्पल की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। इस फिल्म से जुड़ा रोचक तथ्य है कि गायिका लता मंगेशकर ने इस फिल्म का निर्माण किया था। फिल्म में उनकी आवाज में ‘यारा सिली सिली’ गीत श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। वर्ष 1993 में प्रदर्शित फिल्म ‘रूदाली’ डिम्पल की यादगार फिल्मों में एक है। राजस्थान की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उन्होंने ‘शनिचरी’ नामक एक ऐसी युवती का किरदार निभाया, जो तमाम दुःख के बाद भी नहीं रो पाती। हालांकि यह फिल्म टिकट खिड़की पर असफल साबित हुई, लेकिन अपने दमदार अभिनय से डिम्पल ने दर्शकों के साथ ही समीक्षकों का भी दिल जीत लिया।
अब तक तीन फिल्म फेयर पुरस्कार
डिम्पल कपाड़िया अब तक तीन बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी हैं। डिम्पल ने करीब पांच दशक लम्बे सिने कैरियर में 85 फिल्मों में अभिनय किया है। डिम्पल के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में कुछ है, अर्जुन, एतबार, काश, राम लखन, बीस साल बाद, बंटबारा, प्रहार, अजूबा, नरसिम्हा, गर्दिश, क्रांतिवीर, दिल चाहता है, बीइंग सायरस, दबंग, कॉकटेल, पटियाला हाउस और फाइंडिंग फैनी इत्यादि। डिम्पल को बॉलीवुड इतिहास की सबसे खूबसूरत हीरोइनों में से एक माना जाता है। एक मशहूर पत्रिका ने उन्हें बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में मधुबाला के बाद दूसरा स्थान दिया था। डिम्पल ने सागर, जांबाज, जख्मी औरत जैसी फिल्मों में बिंदास दृश्य किए, जो उस दौर में बड़ी बात मानी गई।
राजेश खन्ना के बाद नए अफेयर की खबरें
व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो पति राजेश खन्ना से अलग होने के बाद डिम्पल के जीवन में सनी देओल आए। सनी ने उनके साथ कई फिल्मों में काम किया। दोनों की जोड़ी ऑनस्क्रीन हिट साबित हुई और इसके साथ ही उनके अफेयर की खबरें भी सामने आने लगी। सनी और डिम्पल की लव स्टोरी 90’s में काफी सुर्खियों में रही। अपने पहले प्यार अमृता सिंह से अलग होने के बाद सनी की लाइफ में डिम्पल आईं। उस वक्त शादीशुदा (वाइफ पूजा) होने के बावजूद सनी ने डिम्पल को अपनी बीवी जैसा दर्जा दे रखा था। कहा जाता है कि दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी भी कर ली थी। फिल्मी मैग्जींस में छपे लेखों के मुताबिक, जब सनी और डिम्पल एक दूसरे को डेट कर रहे थे तो डिम्पल की बेटियां ट्विंकल और रिंकी खन्ना सनी को ‘छोटे पापा’ कहकर बुलाने लगी थीं।
डिम्पल अभी भी फिल्मों में एक्टिव है। 1957 में जन्म लेने वाली डिम्पल कपाड़िया इस साल 8 जून को 68 साल की हो जाएंगी। हैप्पी बर्थडे डिम्पल कपाड़िया।






No Comment! Be the first one.