केबीसी से जयपुर फुट तक: करुणा का संदेश
आदित्य बिरला समूह के प्रमुख कुमार मंगलम बिरला ने कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर केवल अपने ज्ञान का परिचय नहीं दिया, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की एक मिसाल भी कायम...

आदित्य बिरला समूह के प्रमुख कुमार मंगलम बिरला ने कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर केवल अपने ज्ञान का परिचय नहीं दिया, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की एक मिसाल भी कायम की। केबीसी में जीती गई पूरी धनराशि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (जयपुर फुट) को समर्पित कर उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि संपन्नता का वास्तविक मूल्य धन-संग्रह में नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग के साथ खड़े होने में है।
जयपुर फुट वह संस्था है, जिसने दुनिया भर लाखों दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग लगाकर उन्हें दोबारा चलने, काम करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। ऐसे में केबीसी जैसे लोकप्रिय मंच से मिला यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि लोककल्याण के प्रति एक मजबूत सार्वजनिक संदेश है। यह कदम उस बहस को भी नई दिशा देता है, जिसमें उद्योगपति की केबीसी हॉट सीट पर मौजूदगी पर सवाल उठे थे। यहां यह स्पष्ट हुआ कि मंच का उद्देश्य यदि सेवा से जुड़ जाए, तो उसकी सार्थकता और भी बढ़ जाती है।
कुमार मंगलम बिरला का यह निर्णय बताता है कि कॉरपोरेट नेतृत्व और सामाजिक संवेदना एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं। केबीसी की हॉट सीट इस अवसर पर करोड़पति बनने का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों ज़िंदगियों को फिर से चलने की प्रेरणा देने वाला मंच बन गई।






No Comment! Be the first one.