चलती ट्रेन से गिरने पर महिला गंभीर, पाली में तड़के दर्दनाक हादसा
पाली जिले में अहमदाबाद–जोधपुर रेल मार्ग पर तड़के एक महिला यात्री चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। तबीयत बिगड़ने पर हवा लेने गई महिला चक्कर आने से गिरी। समय पर चेन पुलिंग और पुलिस की मदद...

पाली जिले में एक गंभीर रेल हादसा सामने आया, जिसने यात्रियों को दहला दिया। अहमदाबाद से जोधपुर आ रही साबरमती–जम्मूतवी एक्सप्रेस में सफर कर रही 42 वर्षीय महिला यात्री चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की पहचान जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित आशापूर्णा एंकलेव निवासी मंजू देवी पत्नी महेंद्र के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंजू देवी अपने पति महेंद्र के साथ अहमदाबाद गई थीं, जहां उन्होंने अपनी बेटी को हॉस्टल में छोड़ा था। इसके बाद दोनों जोधपुर लौट रहे थे। सुबह करीब 4:50 बजे, जब ट्रेन राजकियावास–बोमदड़ा के बीच से गुजर रही थी, तभी मंजू देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घबराहट और बेचैनी महसूस होने पर वह डिब्बे के गेट तक हवा लेने पहुंचीं। इसी दौरान उन्हें तेज चक्कर आया और संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं।
कुछ समय तक पत्नी के वापस नहीं लौटने पर पति महेंद्र को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत चेन पुलिंग की, जिससे ट्रेन को रोका गया। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से आसपास तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान मंजू देवी ट्रेन रुकने की जगह से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे प्रशासन हरकत में आया। पीछे से आ रही इंदौर–जोधपुर ट्रेन से घायल महिला को बोमदड़ा के फाटक नंबर 37 तक लाया गया। वहां से एम्बुलेंस की मदद से उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जोधपुर एम्स रेफर कर दिया। इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद साबरमती–जम्मूतवी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया।
इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए एएसआई रामलाल गुर्जर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना तबीयत बिगड़ने के कारण होना सामने आया है। ट्रेन में सामने की सीट पर यात्रा कर रहे पाली निवासी किशन प्रजापत ने भी महिला की तबीयत खराब होने और गिरने की घटना की पुष्टि की।
घटना के बाद ट्रेन में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। यात्रियों ने चलती ट्रेन में दरवाजे के पास खड़े होने से बचने और तबीयत बिगड़ने पर सहयात्रियों या रेलवे स्टाफ से तुरंत मदद लेने की अपील की है।






No Comment! Be the first one.