भाजपा ने कर दिया राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का ऐलान
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के उम्मीदवार 19 जनवरी को दोपहर दो से चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। अपराह्न 4 से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम 5 से 6 बजे तक नाम वापस...

भारतीय जनता पार्टी ने 16 जनवरी को निर्वाचक मंडल की सूची प्रकाशित करने के साथ ही अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने का ऐलान आधिकारिक तौर पर कर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके तहत नए अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 जनवरी को शुरू होगी। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापस लिए जा सकेंगे। फिर चुनाव अधिकारी वक्तव्य जारी करेंगे और जरूरत हुई तो 20 जनवरी को मतदान होगा और इसकेतुरंत बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
Table Of Content
ये रहेगा चुनाव कार्यक्रम
घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के उम्मीदवार 19 जनवरी को दोपहर दो से चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। अपराह्न 4 से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम 5 से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय रहेगा। शाम साढ़े 6 बजे राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी वक्तव्य जारी करेंगे। अगले दिन यानी 20 जनवरी 2026 को जरूरी हुआ तो सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक मतदान होगा, अन्यथा राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर देंगे।
मोदी रह सकते हैं मौजूद
नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी को भाजपा की संगठनात्मक और वैचारिक दिशा में निरंतरता और स्थिरता पर जोर देने के तौर पर देखा जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को चुनने के लिए उसके स्थापित आंतरिक संगठनात्मक ढांचे का हिस्सा है। कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय नेतृत्व के सदस्य और प्रमुख पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जिससे यह पार्टी के संगठनात्मक कैलेंडर में एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम बन जाएगा।
पेश होंगे तीन सेट में नामांकन पत्र
नबीन नामांकन के तीन सेट प्रस्तुत कर सकते हैं। इनमें पहले पर भाजपा शासित राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष, दूसरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता तथा तीसरे सेट पर भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य नबीन के प्रस्तावक बन सकते हैं।
नितिन नबीन का चुना जाना तय
भाजपा ने गत 14 दिसम्बर को बिहार के नेता नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। ऐसे में ये माना जा रहा कि नितिन नबीन ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एक मात्र नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। निर्वाचित होने के बाद वे पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। नबीन लगभग छह वर्ष तक पार्टी अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा का स्थान लेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष बनने से पहले वे बिहार में नई चुनी गई नितिश कुमार सरकार में मंत्री बनाए गए थे। वे पांच बार से बिहार विधानसभा के विधायक तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा की बिहार इकाई के अध्यक्ष रहे हैं।
खरमास के कारण अटकी थी प्रक्रिया
खरमास के कारण पार्टी अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन का औपचारिक पदभार ग्रहण रुका हुआ था। 14 जनवरी को खरमान खत्म होने के बाद अब भाजपा अध्यक्ष पद चुने जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।






No Comment! Be the first one.