एजीटीएफ का बड़ा प्रहार: 007 गैंग का सरगना राजू पिलवा गिरफ्तार
एजीटीएफ राजस्थान ने जोधपुर की कुख्यात 007 गैंग के सरगना और ₹25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर राजू पिलवा को गिरफ्तार किया। उस पर हत्या के प्रयास, फायरिंग, हथियार व मादक पदार्थ तस्करी समेत 48 गंभीर मामले...

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) राजस्थान ने संगठित अपराध के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए जोधपुर जिले की कुख्यात 007 गैंग के मुख्य सरगना राजूराम उर्फ राजू पिलवा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजू पिलवा के खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग, अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थ तस्करी समेत कुल 48 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि एजीटीएफ के कांस्टेबल सुनील को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में डीएसपी फूलचंद टेलर व एएसआई राकेश जाखड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जोधपुर के शताब्दी सर्किल क्षेत्र से आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय वह अपने कुछ साथियों के साथ सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन की योजना बना रहा था।
एडीजी एमएन के अनुसार, राजू पिलवा फरारी के दौरान भी 007 गैंग का संचालन कर रहा था और संगठित अपराधों को अंजाम दे रहा था। उसे इनामी घोषित किए जाने का आधार 11 अक्टूबर 2025 को थाना लोहावट में दर्ज वह मामला है, जिसमें परिवादी श्रवण कुमार पर जानलेवा हमला, फायरिंग और वाहन जलाने जैसी गंभीर वारदातें शामिल थीं।
राजू पिलवा अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी में भी सक्रिय रहा है। वह देचू थाना पुलिस पर फायरिंग की घटना और चर्चित हनुमान साईं हत्याकांड का भी प्रमुख आरोपी रहा है, जिन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में लंबे समय तक दहशत और तनाव का माहौल बना रहा था।
एजीटीएफ की इस कार्रवाई को 007 गैंग की रीढ़ तोड़ने वाला बड़ा प्रहार माना जा रहा है। ऑपरेशन में डीएसपी फूलचंद टेलर, एएसआई राकेश जाखड़, कांस्टेबल मगनाराम और सुमेर सिंह की विशेष भूमिका रही। फिलहाल आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए थाना लोहावट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।






No Comment! Be the first one.