टेकऑफ के 30 सेकंड बाद क्रैश, 241 मौतें
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर एक भयानक हादसे का शिकार हो गई। टेकऑफ के महज 30 सेकंड के भीतर ही विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, शहर के बी.जे. मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर...

अहमदाबाद एयर इंडिया हादसा: एक यात्री चमत्कारिक रूप से बचा
अहमदाबाद। यहां से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर एक भयानक हादसे का शिकार हो गई। टेकऑफ के महज 30 सेकंड के भीतर ही विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, शहर के बी.जे. मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। जीवित बचे 34 वर्षीय ब्रिटिश-भारतीय विवश कुमार रमेश का इलाज अहमदाबाद सिविल अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि वे खतरे से बाहर हैं। टाटा समूह (एयर इंडिया के स्वामी) के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ की सहायता और घायलों के इलाज का जिम्मा उठाने की घोषणा की है।
विमानन इतिहास में अब तक का सबसे भीषण हादसा
एयर इंडिया का यह हादसा भारत के विमानन इतिहास की अब तक की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक बन गया है। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की यह पहली घातक दुर्घटना है। पूरी दुनिया की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह पता चल सके कि कैसे एक आधुनिकतम विमान चंद सेकंड में तबाही का कारण बन गया। इस विमान हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी (68) की भी मौत हो गई। वे अपनी पुत्री से मिलने लंदन जा रहे थे।
टेकऑफ के साथ ही आई तबाही
यह विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 1:38 बजे लंदन के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के मात्र 30 से 45 सेकंड के भीतर यह 625 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा ही था कि तकनीकी खराबी के कारण रडार से संपर्क टूट गया और विमान सीधे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के साथ ही विमान में जोरदार विस्फोट हुआ और आग की भीषण लपटों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। चारों ओर धुआं, मलबा और चीख-पुकार फैल गई। विमान शहर के प्रतिष्ठित बी.जे. मेडिकल कॉलेज के छात्रावास भवन पर गिरा, जहां हादसे के वक्त दर्जनों छात्र लंच कर रहे थे। अब तक 5 छात्रों की मौत और 50 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है।
जांच शुरू, तीन देशों की टीमें जुटीं
हादसे की जांच के लिए भारत की DGCA, ब्रिटेन की AAIB और अमेरिका की FAA तथा NTSB की टीमें संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। प्रारंभिक संकेत इंजन थ्रस्ट प्रणाली या फ्लैप गड़बड़ी की ओर इशारा कर रहे हैं। फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद कर लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और किंग चार्ल्स तृतीय ने भी इस त्रासदी को “विनाशकारी” बताया और भारत को हर संभव सहायता देने की बात कही है।
हेल्पलाइन व सूचना केंद्र
एयर इंडिया ने यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-5691-444 जारी किया है। दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद में विशेष सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जहां परिजन विमान में सवार यात्रियों की जानकारी ले सकते हैं।






No Comment! Be the first one.