एसी के नियमित रखरखाव से बच सकती है जान
हर साल देश-दुनिया में ऐसी घटनाएं सुनने को मिलती हैं, जिनमें एसी फटने से आग लगने या जान-माल की क्षति होती...

आज के हालात में, खासकर गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर हमारे जीवन का जरूरी हिस्सा बन जाता है। इसका दुःखद पहलू ये है कि हर साल देश-दुनिया में ऐसी घटनाएं सुनने को मिलती हैं, जिनमें एसी फटने से आग लगने या जान-माल की क्षति होती है। गुरुवार को अजमेर (राजस्थान) में स्थित एक होटल में एसी फटने से जहां मां- बेटे जिंदा जल गए, वहीं खौफ में होटल से नीचे कूदे महिला के पति की भी मौत हो गई। इस तरह इस घटना ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली, वहीं कुछ अन्य लोग भी जख्मी हो गए।
इसलिए फटते हैं एसी
अत्यधिक गर्मी – जब एसी लंबे समय तक बिना रुके चलता रहता है, तो उसकी मोटर और कम्प्रेसर ज्यादा ही गर्म हो जाते हैं। गर्मी में पहले से ही बाहरी तापमान ज्यादा होता है, जिससे एसी के पुर्ज़ों को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता। इससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
गैस लीक होना या चिंगारी निकलना – एसी में इस्तेमाल होने वाली गैस ज्वलनशील होती है। अगर कहीं से गैस लीक हो जाए और साथ ही कोई चिंगारी (स्पार्क) उत्पन्न हो जाए, तो विस्फोट हो सकता है।
खराब गुणवत्ता व निम्न स्तरीय इंस्टॉलेशन – बाजार में सस्ते या लोकल ब्रांड के एसी कम कीमत में मिल जाते हैं, लेकिन उनकी गुणवत्ता संदिग्ध होती है। गलत तरीके से की गई वायरिंग, खराब इंसुलेशन, या असुरक्षित कम्प्रेसर भी हादसे की वजह बन सकते हैं।
बिना सर्विस के लगातार उपयोग – यदि एसी की नियमित सर्विस नहीं की जाती, तो उसमें धूल, गंदगी और तेल जम जाते हैं। इससे कूलिंग सिस्टम पर दबाव पड़ता है और पुर्ज़ों की कार्यक्षमता घट जाती है, जो ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकता है।
एसी फटने से बचाया जा सकता है – हर छह माह में एक बार एसी की सर्विस अवश्य करा लेनी चाहिए। फिल्टर साफ रखें, गैस की मात्रा जांचें और सभी कनेक्शनों की जांच भी जरूरी है। भारतीय मानक ब्यूरो से प्रमाणित ब्रांडेड एसी खरीदना सही रहता है। साथ ही किसी कुशल टेक्नीशियन से ही एसी लगवाएं वायरिंग और फिटिंग में कोई दिक्कत नहीं रहती। इसके अलावा कमरे के आकार और उपयोग के आधार पर एसी की क्षमता (टन) का चयन करना ठीक रहता है। वोल्टेज फ्लक्चुएशन से बचने के लिए स्टेबलाइज़र का इस्तेमाल करें। इससे इलेक्ट्रिकल डैमेज की आशंका नहीं रहती।






No Comment! Be the first one.