आक्रोश नहीं, समर्थ भारत का नया रूप
भारतीयों के खून से खेलना पाकिस्तान को महंगा पड़ेगा। ये भारत का संकल्प है और दुनिया की कोई ताकत हमें इस संकल्प से डिगा नहीं सकती है। अगर पाकिस्तान ने आतंकियों को सपोर्ट करना जारी रखा, तो उसको पाई-पाई...

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी की पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी
अजय अस्थाना,
वरिष्ठ पत्रकार
Table Of Content
ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहली जनसभा वीरों की धरती राजस्थान के बीकानेर के पलाना में हुई। पाकिस्तान सीमा से 100 किलोमीटर दूरी से मोदी ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा- ‘पाकिस्तान को आतंक की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी, ये सिर्फ आक्रोश नहीं, समर्थ भारत का नया रूप है। अब हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और ये कीमत पाकिस्तान की सेना और पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकाएगी। भारत से सीधी लड़ाई में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है। इसलिए ही पिछले कई दशकों से आतंकवाद को भारत के खिलाफ लड़ाई का हथियार बनाया हुआ है। आजादी के बाद पाकिस्तान आतंक फैलाता था, निर्दोष लोगों की हत्याएं करता था, भारत में डर का माहौल बनाता था। लेकिन पाकिस्तान एक बात भूल गया कि अब मां भारती का सेवक मोदी यहां सीना तानकर खड़ा है।’
अब बात होगी सिर्फ पीओके पर
प्रधानमंत्री ने ये भी स्पष्ट कहा, ‘मोदी का दिमाग ठंडा रहता है, लेकिन लहू गर्म रहता है और अब तो मोदी की नसों में गर्म सिंदूर बह रहा है। भारतीयों के खून से खेलना पाकिस्तान को अब महंगा पड़ेगा। पाकिस्तान के साथ न तो व्यापार होगा, न ही बातचीत होगी। यदि बात होगी तो सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने की। पाकिस्तान ने अगर आतंकियों को एक्सपोर्ट करना जारी रखा तो उसको पाई-पाई के लिए मोहताज होना होगा। पाकिस्तान को भारत के हक का पानी नहीं मिलेगा। ये भारत का संकल्प है और दुनिया की कोई ताकत हमें इस संकल्प से डिगा नहीं सकती।’
एटम बम की भभकियों से अब नहीं डरने वाले
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए हैं। पहला ये कि भारत पर आतंकी हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा, जिसका समय और तरीका हमारी सेनाएं तय करेंगी और शर्तें भी हमारी होंगी। दूसरा एटम बम की गीदड़ भभकियों से भारत डरने वाला नहीं है और तीसरा, हम आतंक के आकाओं और आतंक की सरपरस्त सरकार को अलग-अलग नहीं देखेंगे, उन्हें एक ही मानेंगे। पाकिस्तान का ये स्टेट और नॉन-स्टेट एक्टर वाला खेल अब नहीं चलेगा। पूरी दुनिया में सात अलग-अलग ग्रुप भेजे जा रहे हैं, जिनमें हर पार्टी के नेता हैं और विदेश नीति के जानकार शामिल हैं। अब पाकिस्तान का असली चेहरा पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा।’
22 अप्रैल के हमले का जवाब 22 मिनट में
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘22 अप्रैल को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था। वो गोलियां पहलगाम में चली थीं, लेकिन उन गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों का सीना छलनी हुआ। इसके बाद हर देशवासी ने एकजुट होकर संकल्प लिया था कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे और उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा देंगे। देश की सेना के शौर्य से हम सब उस प्रण पर खरे उतरे हैं। सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी और तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने पड़े। 22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए। ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया और देश के दुश्मनों ने देख लिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है।’ मोदी ने कहा, ‘जब दिल्ली से यहां आया तो बीकानेर के नाल एयरपोर्ट पर उतरा। पाकिस्तान ने इस एयरबेस को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वो इस एयरबेस को रत्तीभर भी नुकसान नहीं पहुंचा पाया। वहीं, यहां से कुछ ही दूर सीमापार पाकिस्तान का रहीमयार खान एयरबेस अगले कई दिनों के लिए बंद हो चुका है। भारत की सेना के अचूक प्रहार ने इस एयरबेस को तहस-नहस कर दिया है।’
जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पांच साल पहले जब बालाकोट में देश ने एयर स्ट्राइक की थी, उसके बाद मेरी पहली जनसभा राजस्थान में ही हुई थी। अब इस बार जब ऑपरेशन सिंदूर हुआ तो उसके बाद मेरी पहली जनसभा फिर यहां राजस्थान के बीकानेर में आप सभी के बीच हो रही है। राजस्थान की वीरभूमि के तप से ही ऐसा संयोग बना है।’
प्रधानमंत्री ने चूरू में कहा था, ‘सौगंध मुझे है इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा…, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।’ उन्होंने इस बार राजस्थान की धरती से देशवासियों से कहा –
जो सिंदूर मिटाने निकले थे,
उन्हें मिट्टी में मिलाया है।
जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे,
उनसे हर कतरे का हिसाब चुकाया है।
जो सोचते थे भारत चुप रहेगा,
आज वो घरों में दुबके पड़े हैं।
जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे,
आज वो मलबे के ढेर में दबे हुए हैं।
ये शोध-प्रतिशोध का खेल नहीं,
ये न्याय का नया स्वरूप है।
ये ऑपरेशन सिंदूर है।
ये सिर्फ आक्रोश नहीं है,
ये समर्थ भारत का रौद्र रूप है।
ये भारत का नया स्वरूप है।
पहले घर में घुसकर किया था वार,
अब सीधा सीने पर किया प्रहार है।
आतंक का फन कुचलने की,
यही नीति है,
यही रीति है,
यही भारत है,
नया भारत है।
देशनोक करणी माता मंदिर में धोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरूवार को सुबह अपनी बीकानेर यात्रा के दौरान देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणीमाता मन्दिर पहुंचे। उन्होंने मन्दिर में दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मोदी ने मन्दिर में माता की आरती उतारी तथा मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मन्दिर में दर्शन कर प्रसाद भी चढ़ाया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा केन्द्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






No Comment! Be the first one.