धुरंधर-2 का दुनिया भर में डंका
‘धुरंधर : द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है। यह फिल्म न केवल पहले ही दिन हिंदी में 100 करोड़ रुपए कमाने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है, बल्कि यह सबसे कम समय में 1200 करोड़ के करीब कमाई...

बॉक्स ऑफिस : सारे रिकॉर्ड तोड़ रही भाई ‘धुरंधर : द रिवेंज’
सुधांशु टाक,
समीक्षक, लेखक
Table Of Content
आदित्य धर के नायाब निर्देशन ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। उनकी निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर- 2) ने अपनी रिलीज के महज 10 दिनों के भीतर 1200 करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक कमाई कर इतिहास रच दिया है। जसकीरत सिंह रंगी के ‘हमजा अली मजारी’ बनने और ल्यारी के अंडरवर्ल्ड पर राज करने की इस जासूसी थ्रिलर ने दर्शकों को कुर्सियों से बांधे रखा है। देश के छोटे फिल्म सेंटरों में शुमार जोधपुर जैसे आराम तलबी शहर में भी अलसुबह 4 बजे तक शो चल रहे हैं और सब हाउसफुल हैं।
अभिनेता रणवीर सिंह के केंद्रीय चरित्र से सजी फिल्म धुरंधर-2 ने सिर्फ तीन दिनों में ऐसा धमाका कर दिया है कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में इसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। ईद 2026 के मौके पर इस फिल्म के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। देशभर में कई मुस्लिम बहुल इलाकों के सिनेमाघरों में भी चौबीसों घंटे शो चलाए गए। कुछ जगहों पर मल्टीप्लेक्स में तो एक ही दिन में लगभग 40 शो तक हुए हैं। इसके बावजूद टिकट मिलना मुश्किल रहा। ईद के दिन इस फिल्म ने हिंदी वर्जन से ही 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। इससे पहले किसी भी हिंदी फिल्म ने एक दिन में इतना बड़ा आंकड़ा नहीं छुआ था।
वैसे पहले दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने 102 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग की थी, जिसमें हिंदी से लगभग 99 करोड़ आए। उस वक्त यह रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचकर चूक गई थी। लेकिन शनिवार को फिल्म ने इतिहास रच दिया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ईद के दिन फिल्म ने 113 करोड़ नेट इंडिया कमाए, जिनमें से 105 करोड़ सिर्फ हिंदी वर्जन से आए। यह पहली बार हुआ कि किसी हिंदी फिल्म ने एक दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया। इससे पहले पुष्पा-2 ने चौथे दिन हिंदी से 86 करोड़ कमाए थे।
संगीतकार शाश्वत सचदेव का कमाल
फिल्म के कलाकारों की दमदार एक्टिंग के साथ फिल्म का संगीत सबसे मजबूत पहलू बनकर उभरा। दिल धड़काऊ बैकग्राउंड संगीत और उस पर 90 के दशक के सुपरहिट हिंदी गानों के तेज डीजे रीमिक्स ने पर्दे पर जैसे जादू जगा दिया। ‘धुरंधर’ के दोनों वर्जन का संगीत दर्शकों को आनंदित कर गया। फिल्म का टाइटल ट्रैक भी जबरदस्त बन पड़ा है।
फिल्म का ‘गहरा हुआ’, ‘इश्क जलाकर कारवां’, ‘रन डाउन इन सिटी- मोनिका’, ‘रंबा’ हो, तम्मा तम्मा लोगे सहित दोनों ही वर्जन सभी गानों को लोगों ने खूब पसंद किया है। फिल्म के गाने ऐसे हैं, जिसे आप जल्दी भूलेंगे नहीं। फिल्म में अरबी सॉन्ग सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। कलाकारों की एंट्री पर भी 90 के दशक के हिट गानों का इस्तेमाल किया गया। इन सभी तत्वों ने फिल्म को आम से खास बना दिया। इसका सारा श्रेय फिल्म के म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव को है। जयपुर में जन्मे शाश्वत ने तीन साल की उम्र से क्लासिकल म्यूजिक की ट्रेनिंग ली। शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ वेस्टर्न म्यूजिक में भी उनकी दिलचस्पी बढ़ने लगी। पढ़ाई से ज्यादा उनका मन संगीत में लगता था। उन्होंने लॉ की पढ़ाई की, लेकिन संगीत को अपना करियर चुना। आज जयपुर के साथ पूरे भारत का मान उनके संगीत ने विश्व पटल पर चमकाया है।
रोचक कहानी के साथ रोमांचक स्क्रीनप्ले
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की कहानी रहमान डकैत की मौत के बाद शुरू होती है। हमजा (रणवीर सिंह) का लक्ष्य सिर्फ लयारी के अंडरवर्ल्ड या राजनीति में गहराई तक जाना नहीं है, बल्कि अपने रास्ते में आने वाले हर खतरे को खत्म करना है। फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस और बदले की आग से भरे रोमांचक स्क्रीन प्ले ने दर्शकों को मोहित कर दिया। फिल्म के दौरान लोग घंटों तक सीट से चिपके रहे कि कहीं कोई सीन चूक न जाए।
आदित्य धर का निर्देशन
‘उरी’ के बाद आदित्य धर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे बड़े पैमाने की फिल्मों को बखूबी संभाल सकते हैं। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और सिनेमैटोग्राफी अंतरराष्ट्रीय स्तर की है। आदित्य की फिल्म में पीक डिटेलिंग के भी काफी मोमेंट्स हैं। आदित्य ने धुरंधर के सेट से लेकर हमजा, रहमान और हर एक किरदार की कास्टिंग और कॉस्ट्यूम की छोटी से छोटी बात पर ध्यान दिया। फिल्म की कहानी इतनी सधी हुई है कि यह आपको अंत तक बांधकर रखती है कि आप सांस भी नहीं ले पाते और कब साढ़े तीन घंटे निकल जाते हैं, आपको पता भी नहीं लगता। ल्यारी के सेट फ्रेमवर्क से लेकर एक्टर्स के फाइट सीक्वंस और गन चलाने की ट्रेनिंग से लेकर उनके ल्यारी की भाषा में बात करने तक, आदित्य ने हर एक बात का ध्यान रखा है। यही उनके निर्देशन को सबसे खास, सबसे अलग बनाता है।
रणवीर की अवॉर्ड विनर परफॉर्मेंस
रणवीर सिंह ने धुरंधर के दोनों पार्ट में जो अभिनय किया है, वो सिर्फ अच्छा ही नहीं, बल्कि करियर बेस्ट कहा जा सकता है। अगर बारीकी से देखें तो उन्होंने इस फिल्म में चार अलग-अलग लुक्स और व्यक्तित्व को जिया है और हर किरदार में इमोशंस की जो रेंज दिखाई है, वो असाधारण है। डायलॉग डिलीवरी में उनकी पकड़ पहले से ही मजबूत रही है, लेकिन यहां उन्होंने उसे एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। एक्शन सीक्वेंस में उनकी ऊर्जा और स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की है, और जिस सीन में उन्हें खामोश रहना है, वहां उनकी आंखें और चेहरे के भाव ही पूरी कहानी कह देते हैं और यही एक बड़े अभिनेता की पहचान होती है। सबसे खास बात यह है कि इस परफॉर्मेंस में कहीं भी बाहरी सहारे का उपयोग नहीं किया गया है, जैसे- बाहुबली और पुष्पा में हुआ था। वहां तो आवाज़ ही किसी दूसरे कलाकार की थी। यहां आवाज़, स्टाइल, बॉडी लैंग्वेज, सबकुछ पूरी तरह रणवीर का अपना है। यही वजह है कि उनका हर सीन असली और प्रभावशाली लगता है।
अगर उनके पिछले काम को देखें तो गली बॉय, 83, रामलीला, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत में भी उन्होंने बेहतरीन अभिनय किया है, लेकिन धुरंधर में उन्होंने खुद को एक नए शिखर पर पहुंचा दिया है। खासतौर पर जसकीरत सिंह के इमोशनल सीन, जासूस हमज़ा का खाना खाने वाला सीन, परिवार को याद करने वाले पल हों, या फिर गांव लौटने वाला सीन। इनमें बिना एक शब्द बोले सिर्फ चेहरे के भाव से पूरी भावना व्यक्त कर देना, यह अभिनय का सर्वोच्च स्तर है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि यह रणवीर सिंह का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है और ऐसे अभिनय के लिए उन्हें सम्मान की उम्मीद की जा सकती है।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ न केवल एक देखा जाए तो ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई है, बल्कि इसने भारतीय सिनेमा के लिए बॉक्स ऑफिस पर नए मानक स्थापित कर दिए हैं। जिस रफ्तार से यह फिल्म आगे बढ़ रही है, ऐसा लगता है कि यह जल्द ही रिकॉर्ड समय में 1000 करोड़ के आंकड़े को भी छू लेगी। फिल्म का ऑल टाइम बिजनेस 2000 करोड़ के करीब पहुंच सकता है।
गौरतलब है कि ‘धुरंधर’ का पहला भाग भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहा था और उसने दुनियाभर में 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। अब ‘धुरंधर-2’ उसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए नए रिकॉर्ड बना रही है। कुल मिलाकर, ‘धुरंधर-2’ ने न सिर्फ कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि दमदार कहानी और शानदार परफॉर्मेंस के साथ बॉलीवुड फिल्में वैश्विक स्तर पर भी बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं।






No Comment! Be the first one.