ग्रह गोचर – जून 2025
माह जून 2025 में कुछ इस तरह रहेगी विभिन्न राशियों वालों के ग्रहों की चाल।

विपुल डोभाल,
ज्योतिषी
मेष राशि
यह महीना आपके लिए कुछ सुखद समाचार लेकर आता हुआ दिखाई दे रहा है। किसी नए प्रेम प्रसंग का आरंभ या फिर पुराने चले आ रहे प्रेम में प्रगाढ़ता आती दिखाई दे रही है। भूमि भवन या वाहन की खरीद के लिए यह माह अच्छा है। स्वास्थ्य को लेकर अवश्य ही थोड़ा सा ध्यान रखने की आवश्यकता रहेगी। भाग्य वृद्धि कारक समय है। कई रुके हुए कार्य इस महीने पूर्ण होते दिखाई दे रहे हैं। संतान पक्ष का किसी दूरगामी स्थान पर स्थानांतरण हो सकता है। आय के साधन बढ़ेंगे और अनावश्यक व्यय पर लगाम लगेगी।
बालाजी की उपासना आपके लिए इस महीने शुभ है।
वृषभ राशि
प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए यह महीना अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है। राजकीय विभागों में कार्यरत जातकों के लिए प्रोन्नति के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। आपके ऊपर कार्यभार बढ़ सकता है, किंतु साथ ही ऊर्जा का स्तर भी ऊंचा रहेगा और आप अपनी जिम्मेदारियां को पूरी तरह से वहन करने में सक्षम रहेंगे। कुटुंब में तनाव की स्थिति बन सकती है। अपने कर्म पर विश्वास रखें तो आपको इस महीने शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं। नौकरी पेशा लोगों के लिए कोई विशेष लाभ नहीं दिखाई दे रहा है। आय से अधिक व्यय होते दिख रहा है।
इस महीने शनि देव की उपासना आपके लिए शुभ फलदाई रहेगी।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना दान पुण्य का महीना है। इस महीने आपको कुटुंब, समाज या कार्य क्षेत्र से कुछ विशेष प्राप्त होता नहीं दिखाई दे रहा है। बल्कि आपकी ओर से इन सभी इकाइयों को कुछ ना कुछ प्राप्त होता दिख रहा है। कोई बड़ा अवसर पारिवारिक कारणों से आपके हाथ से निकल सकता है। नेत्र दोष के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। वार्तालाप करते हुए ध्यान रखें कि अपनी ही वाणी के कारण आपके कार्य न बिगड़ जाएं।
इस महीने भगवान शिव की उपासना और गुरु की सेवा आपके लिए शुभ फलदायी होगी।
कर्क राशि
भावनाओं में रहकर कोई निर्णय न लें। यात्राएं या भाग दौड़ होने की संभावना है। कुटुंब में किसी भी विवाद से बचाव रखें। भाग्य साथ देता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। सरकारी पदों पर आसीन जातकों के लिए यह महीना आर्थिक रूप से लाभ दे सकता है। कला और लेखन के क्षेत्र में अगर आप कार्यरत हैं तो भी यह समय आपके लिए शुभफलदाई है। क्रोध पर नियंत्रण रखें। अन्यथा नुकसान उठा सकते हैं। शांत मन से लिए गए निर्णय आपके लिए लाभप्रद रहेंगे। पेट से संबंधित रोगों के प्रति सतर्क रहें।
शनि देव की उपासना और पीली वस्तुओं का दान इस माह आपके लिए शुभ रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के लिए यह समय मिले-जुले असर वाला रहेगा। अपने क्रोध और भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए आगे बढ़ेंगे तो सफलता प्राप्त होगी। कोर्ट कचहरी से संबंधित मामलों में निराशा हाथ लग सकती है। संतान पक्ष की ओर से सुखद समाचार प्राप्त होंगे। सरकारी विभागों में रुके हुए कार्य पूर्ण होंगे। भाग्य साठ प्रतिशत साथ देता दिखाई दे रहा है। किंतु पत्नी के साथ और प्रेम संबंधों में थोड़ी अनबन हो सकती है।
इस महीने पीली चीजों का दान और भगवान गणेश की उपासना आपके लिए शुभ रहेगी।
कन्या राशि
कन्या राशि के लिए यह महीना थोड़े संघर्षों के बाद सफलता देता हुआ दिखाई दे रहा है। परिवार में तनाव की स्थिति रह सकती है। दूरगामी यात्राओं के भी योग बन सकते हैं। कोई भी दस्तावेज बिना पढ़े हस्ताक्षर न करें। खास तौर पर सरकारी विभागों में अगर आप कार्यरत हैं तो आप पर आरोप प्रत्यारोप लग सकते हैं। भाग्य 50 प्रतिशत ही साथ देता दिखाई दे रहा है। किसी भी कोर्ट कचहरी, मुकदमे इत्यादि प्रक्रिया से इस महीने दूर रहना आपके लिए शुभ रहेगा।
सूर्य को जल अर्पित करें और गुरुजनों की सेवा करें तो आपके लिए यह माह कुछ हद तक बेहतर हो सकता है।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए यह समय कर्म प्रधान दिखाई पड़ रहा है। कड़ी मेहनत के बाद ही सफलता प्राप्त होगी। भाग्य बिल्कुल साथ नहीं दे रहा है। शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कम होती दिखाई दे रही है, जिसके कारण रोगों में बढ़ोत्तरी रहेगी। संतान के स्वास्थ्य को लेकर आप चिंतित दिखाई पड़ रहे हैं। पत्नी के साथ मनमुटाव रहेगा। प्रेम संबंधों में भी खटास आती दिखाई दे रही है। शत्रु परास्त होंगे। भाई बहनों के साथ संबंध प्रगाढ़ होते दिखाई दे रहे हैं। व्यय पर नियंत्रण करना आवश्यक रहेगा क्योंकि आय के साधनों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होती दिखाई दे रही है।
इस महीने बालाजी की उपासना और शिवलिंग पर जल अर्पित करना आपके लिए शुभ रहेगा।
वृश्चिक राशि
रुके हुए कार्य थोड़ा प्रयास करने से आगे बढ़ सकते हैं। आपके पराक्रम और भाग्य का मिलकर बहुत बेहतरीन असर होता दिखाई दे रहा है। किसी वरिष्ठ जन या गुरुजन के द्वारा अपमान महसूस हो सकता है। संतान पक्ष की ओर से कुछ कष्ट रह सकता है। किसी बाहरी व्यक्ति के कारण दांपत्य जीवन में क्लेश उत्पन्न हो सकता है। माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
सूर्य को जल अर्पित करना आपके लिए शुभ रहेगा। साथ ही साथ प्रत्येक गुरुवार चने की दाल और गुड़ का दान भी आपके मान-सम्मान की रक्षा करेगा।
धनु राशि
इस महीने आवश्यकता से अधिक रिस्क लेने से बचें। विशेष रूप से शेयर मार्केट, कमोडिटी इत्यादि में इन्वेस्ट करने वाले सतर्क रहें। भूमि, भवन या वाहन की खरीद में बाधा आ सकती है। संबंधित कागजों की पूरी तरह जांच करके ही आगे बढ़ें। व्यर्थ का मानसिक तनाव रहेगा। पत्नी को स्वास्थ्य कष्ट रह सकता है। आपको भी छोटी-मोटी चोट एक्सीडेंट का भय बना हुआ है। भाग्य का प्रतिशत बहुत कम है। संतान की ओर से अवश्य कुछ सुखद समाचार प्राप्त हो सकते हैं। फेफड़ों से संबंधित रोग हो सकता है।
इस महीने शनि के बीज मंत्रों का जाप करना आपके लिए शुभ रहेगा।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए यह महीना शुभ फल प्रदान करने वाला है। सुख और आय में वृद्धि होगी। संतान की ओर से शुभ समाचार प्राप्त होगा। प्रॉपर्टी से संबंधित विवाद समाप्त होंगे। वहां की खरीद या पुराने वाहन की मरम्मत पर धन व्यय होगा। दूरगामी यात्रा और कुटुंब परिवार के सदस्यों से मुलाकात संभव है।
शनि देव के बीज मंत्रों का जाप आपके लिए शुभ रहेगा।
कुंभ राशि
आपको सभी बड़े निर्णय टाल देने चाहिए क्योंकि वो दुविधा के द्वंद में फंसकर ध्वस्त हो सकते हैं। मन अशांत रह सकता है और बुद्धि भ्रमित रह सकती है। हालांकि कार्यक्षेत्र में आपको लाभ की स्थिति बन रही है। किंतु संतान से संबंधित कोई कष्ट रह सकता है स्वास्थ्य की दृष्टि से यह समय अनुकूल नहीं है। भाग्य भी छिन्न होता दिखाई दे रहा है।
इस माह भगवान शिव की आराधना आपके लिए शुभ फलदायी होगी।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए यह समय दुविधाओं को त्याग कर ठोस निर्णय लेने का समय है। जिनके दूरगामी परिणाम आपके पक्ष में रहेंगे। वस्त्र आभूषण तथा अन्य लग्जरी चीजों पर व्यय होगा। भाइयों के साथ विवाद की स्थिति बन सकती है। नेत्र दोष हो सकता है और कान से संबंधित रोग भी परेशान कर सकते हैं। ऐसे कार्य जो लंबे समय से रुके हुए हैं, उनको इस महीने पूरा कर लें अन्यथा हो सकता है वह कार्य और आगे खींच जाए। भाग्य इस महीने साथ देता दिखाई दे रहा है।
शनि देव की उपासना और पिता या पिता तुल्य व्यक्तियों की सेवा आपको शुभ फल प्रदान करेगी।






No Comment! Be the first one.