ज्ञानदेव आहूजा विवादित टिप्पणी पर पार्टी से निलंबित
भाजपा प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद दामोदर अग्रवाल ने मंगलवार को ज्ञानदेव आहूजा के निलंबन के आदेश जारी...

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को लेकर दिए गए विवादित बयान को गंभीरता से लेते हुए भाजपा ने वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उन्हें नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद दामोदर अग्रवाल ने मंगलवार को ज्ञानदेव आहूजा के निलंबन के आदेश जारी किए।
Table Of Content
पार्टी ऐसे बयान से इत्तेफाक नहीं रखती- राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ज्ञानदेव आहूजा के बयान से पार्टी बिल्कुल भी इत्तेफाक नहीं रखती है और न ही पार्टी इस तरह के बयानों का समर्थन करती है। मामला संज्ञान में आते ही आहूजा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
क्या कहा आहूजा ने?
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आहूजा ने राम मंदिर में टीकाराम जूली की पूजा को लेकर अप्रत्यक्ष टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया है, वे अब मंदिरों में आकर पूजा कर रहे हैं, जिससे मंदिर अपवित्र हो गया है। उन्होंने आयोजकों पर भी सवाल उठाए कि उन्होंने ऐसे लोगों को मंदिर समारोह में क्यों बुलाया।
गहलोत और जूली ने इसे शर्मनाक बताया
आहूजा के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और टीकाराम जूली ने कहा कि यह टिप्पणी दलित समुदाय के प्रति भाजपा की मानसिकता को उजागर करती है। गहलोत ने कहा कि आज के दौर में इस तरह की सोच शर्मनाक है और यह सभ्य समाज में अस्वीकार्य है। जूली ने आरोप लगाया कि आहूजा ने उनके दलित होने के चलते मंदिर को गंगाजल से शुद्ध कराने की बात कही है, जो न केवल उनकी व्यक्तिगत आस्था का अपमान है, बल्कि यह अस्पृश्यता जैसे अपराध को बढ़ावा देता है।
अपने बयानों से सुर्खियों में रहे हैं ज्ञानदेव आहूजा
आहूजा राजस्थान के अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट से वर्ष 2013 से 2018 तक विधायक रह चुके हैं। वे अपने विवादित बयानों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। आहूजा के बयान राजनीतिक गलियारों में विवाद का विषय बने हैं। वर्ष 2017 में भी उन्होंने गायों की तस्करी और वध के मामलों पर विवादास्पद बयान दिया था, जिसमें उन्होंने ऐसे लोगों को मार डालने की बात कही थी। उन्होंने वायनाड में आए भूस्खलन को गौहत्या से जोड़कर भी बयान दिया था।






No Comment! Be the first one.