शुरू हो गई भाजपा को जवान बनाने की तैयारी
45 साल की भाजपा के 45 वर्षीय नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी को उम्र की सीमा में बांधने की कवायद शुरू कर दी है। अध्यक्ष का कार्यभार सम्भालने के अगले ही दिन उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ आठ...

45 साल की भाजपा के 45 वर्षीय नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी को उम्र की सीमा में बांधने की कवायद शुरू कर दी है। अध्यक्ष का कार्यभार सम्भालने के अगले ही दिन उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ आठ घंटे लम्बी मैराथन बैठक की। इसमें तय किया गया कि संगठन में होने वाली नई नियुक्तियों में युवाओं को ज्यादा जिम्मेदारी दी जाएगी, वहीं अग्रिम संगठनों की कमान भी उम्र के हिसाब से बांटी जाएगी।
तय होगी पदाधिकारियों की उम्र
इसकी शुरुआत भारतीय जनता युवा मोर्चा से होगी। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उम्र अधिकतम 35 वर्ष और प्रदेश अध्यक्षों की आयु 32 वर्ष से कम तय की जा रही है। साथ ही बूथ स्तर से लेकर प्रदेश संगठन स्तर तक पर संगठनात्मक नियुक्तियों पर विचार विमर्श किया गया है। इसमें भी संभावित पदाधिकारियों की उम्र को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की उम्र के साथ तालमेल बिठाने की तैयारी है। बैठक में कहा गया कि पदाधिकारियों की उम्र का दायरा पहले से पार्टी की रूल बुक में है, लेकिन अब इसका सख्ती से पालन किया जाएगा।
पहली ही बैठक में दिखाए तेवर
अपनी पहली ही बैठक में नबीन तेवर दिखाते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर चल रहे नैरेटिव पर नजर रखी जानी चाहिए। ऐसे सभी मुद्दों पर पार्टी लाइन के अनुरूप किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया सिर्फ अधिकृत नेता हीं देंगे। यानी उन्होंने साफ कर दिया कि पार्टी में अब बड़बोलापन मंजूर नहीं होगा। बैठक में नबीन ने संकेत दिए कि भाजपा विपक्ष पर पूरी तरह हमलावर रहते हुए उसके आरोपों का तार्किक जवाब देगी। इसके लिए एक समर्पित टीम तैयार की जाएगी।
चुनावी तैयारियों की समीक्षा
बैठक में भाजपा अध्यक्ष ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा भी की। इसके लिए पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडू और पुडुचेरी के प्रभारियों को खासतौर से बुलाया गया था। इनसे कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद कायम कर मजबूत कैडर खड़ा करने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अभी से चुनावी तैयारियों को धार देने को कहा गया है। नबीन का आगामी 27-28 जनवरी को पश्चिम बंगाल दौरे का कार्यक्रम बनने की सम्भावना भी है।






No Comment! Be the first one.