डम्पर ने कुचले 17 वाहन, 11 की मौत
राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 18 से अधिक घायल हो...

जयपुर में दिल दहला देने वाला हादसा
राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 18 से अधिक घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार डम्पर का ब्रेक फेल हो गया और वह बेकाबू होकर लगातार 17 वाहनों को कुचलता चला गया। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायलों की हालत नाजुक है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डम्पर करीब 300 मीटर तक अनियंत्रित होकर दौड़ता रहा। कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी गाड़ियों से निकलकर भागने लगे। सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि शवों को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह लग रही है, हालांकि वाहन की तकनीकी जांच और ड्राइवर से पूछताछ जारी है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि चालक नशे में था।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक जताया और जिला प्रशासन को घायलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने देर रात तक इलाके में वाहनों को डायवर्ट कर राहत कार्य जारी रखा।






No Comment! Be the first one.