अरना झरना इलाके में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, 20 से अधिक घायल
जोधपुर के अरना झरना के पास ट्रक और गुजरात पासिंग बस की टक्कर में 4 लोगों की मौत और 20 यात्री घायल हो गए। घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रशासन और चिकित्सकीय टीम अलर्ट पर...

जोधपुर के अरना झरना इलाके में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
एडीसीपी रोशन मीणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस जाप्ते को मौके पर रवाना किया गया। घायलों को त्वरित उपचार दिलाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सभी को मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टैंकर अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। बस में सवार सभी यात्री गुजरात के निवासी बताए जा रहे हैं।
अस्पताल अधीक्षक विकास राजपुरोहित ने बताया कि चार मरीजों को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित किया गया है, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की अतिरिक्त टीम को अलर्ट कर दिया गया था, ताकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, संभागीय आयुक्त, पुलिस कमिश्नर, डीसीपी सहित आला प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष व उनकी टीम भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंची। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने कहा कि घायलों के संपूर्ण इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता मौके पर रहकर सहयोग कर रहे हैं।
प्रशासन ने घायलों के परिजनों की सहायता, ठहराव और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी आवश्यक कदम उठाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।






No Comment! Be the first one.