मुख्य सचिव पंत अफसरों से हुए नाराज, कहा- आदेशों की पालना नहीं कर रहे
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने आदेशों की पालना न होने पर अफसरों के प्रति नाराजगी जाहिर...

जयपुर। कलक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को हुई जन सुनवाई के दौरान मुख्य सचिव सुधांश पंत भी वीसी के जरिए जुड़े और बैठक के दौरान उन्होंने आदेशों की पालना न होने पर अफसरों के प्रति नाराजगी जाहिर की। जयपुर जिला स्तरीय जनसुनवाई में बड़ी संख्या में क्षत्रीय लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। छोटी- बड़ी कुछ समस्याओं का समाधान अधिकारियों ने मौके पर ही कर दिया। जनसुनवाई में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, कांग्रेस विधायक मनीष यादव आदि मौजूद थीं। मुख्य सचिव पंत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी रात्रि चौपाल के दौरान रात्रि विश्राम नहीं करते हैं।
गांवों में रात्रि विश्राम करने को कहा
पंत ने कहा कि अधिकारियों को रात्रि चौपाल, रात्रि विश्राम और निरीक्षण की रिपोर्ट भेजनी होगी। अधिकारी रात्रि चौपाल को ही रात्रि विश्राम दिखा देते हैं, जो गलत है। इसके अलावा देखने में आया है कि अधिकारी सरकार के आदेशों की पालना नहीं कर रहे हैं। आगे से अधिकारियों को रात्रि विश्राम की तारीख के साथ जिस सरकारी भवन में रुके, उसकी जानकारी देनी होगी और उन्हें सरकारी स्थल या सरकारी भवन में ही रात्रि विश्राम करना होगा।
संभागीय आयुक्त एक सप्ताह में भेजें रिपोर्ट
मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्त को एक सप्ताह में रात्रि चौपाल के संबंध में सूचना भिजवाने के निर्देश दिए हैं। संभागीय आयुक्त कलक्टर्स के साथ एडीएम और एसडीएम की फील्ड विजिट की सूचना सरकार को भेजेगा। उन्होंने पिछली एक अक्टूबर से 31 मार्च तक के दौरे-निरीक्षण की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही संभागीय आयुक्त को भी अपने दौरे की निरीक्षण रिपोर्ट भेजने को कहा है।






No Comment! Be the first one.