फलोदी में नशे के सौदागरों पर शिकंजा, सप्लायर की तलाश जारी
फलोदी जिले में भोजासर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 253.55 ग्राम स्मैक व 9.97 ग्राम एमडी बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त...

फलोदी जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना भोजासर की टीम ने 253.55 ग्राम स्मैक और 9.97 ग्राम एम.डी. (मेफेड्रोन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 52 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और वृताधिकारी फलोदी अचलसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भोजासर जमील खान के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जनवरी 2026 को कांस्टेबल सीताराम को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर भोजासर थाना क्षेत्र के मोहरनगर इलाके में आरोपी हकीम अली के घर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान वहां से अवैध स्मैक और एम.डी. बरामद की गई। पुलिस ने मौके से हकीम अली (42) और मुसे खान (31) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मादक पदार्थ रईश निवासी मोरिया से खरीदते थे। फिलहाल पुलिस सप्लायर रईश की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में लिप्त थे और अवैध मुनाफा कमाकर लग्जरी जीवन जीने के उद्देश्य से इस धंधे को अंजाम दे रहे थे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






No Comment! Be the first one.