हवाई जहाज और उगते सूरज में कांटे की टक्कर
ग्रेनाइट एसोसिएशन जालोर के चुनाव रविवार को आयोजित होंगे। इसमें अध्यक्ष पद के लिए लालसिंह राठौड़ व रामकिशन रणवा में सीधा मुकाबला है। चुनाव में 1032 सदस्य 18 जनवरी को ग्रेनाइट एसोसिएशन के भवन में मतदान...

ग्रेनाइट एसोसिएशन चुनाव 18 को – 1032 सदस्य मिलकर चुनेंगे अध्यक्ष
ग्रेनाइट एसोसिएशन जालोर के चुनाव रविवार को आयोजित होंगे। इसमें अध्यक्ष पद के लिए लालसिंह राठौड़ व रामकिशन रणवा में सीधा मुकाबला है। चुनाव में 1032 सदस्य 18 जनवरी को ग्रेनाइट एसोसिएशन के भवन में मतदान करेंगे। इसको लेकर निर्वाचन समिति ने पूरे बंदोबस्त लगभग कर लिए हैं।
Table Of Content
ग्रेनाइट एसोसिएशन जालोर चुनाव कमेटी के प्रवक्ता नारायण सोलंकी ने बताया कि लालसिंह राठौड़ समूह को हवाई जहाज एवं रामकिशन रणवा समूह को उगता सूरज चुनाव चिन्ह प्रदान किया गया है। अंतिम तैयारी को लेकर चुनाव संयोजक राजेंद्र मेहता की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं, नियमों एवं प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया। साथ ही दोनों पेनलों के मुख्य चुनाव अभिकर्ता बंशीधर चौधरी एवं नरेंद्र कुमार अग्रवाल को नियमों की लिखित जानकारी दी गई। साथ ही शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सहयोग का आग्रह किया गया। चुनाव में जालोर जिले के बिशनगढ़, रीको औद्योगिक क्षेत्र प्रथम, द्वितीय, तृतीय, मोहनजी की प्याऊ, भागली, बागरा व सियाणा क्षेत्र के ग्रेनाइट व्यवसाई अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतगणना 19 को होगी। गौरतलब है कि जालोर का ग्रेनाइट एसोसिएशन आसपास के पत्थर व्यवसाय में प्रसिद्ध तहसील और जिलों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। हजारों ग्रेनाइट फैक्ट्रियों में मजदूरों द्वारा हर रोज चमकता ग्रेनाइट तैयार होकर देश समेत विश्व के कई स्थानों तक जाता है।
इस संगठन के चुनाव हमेशा चर्चा में रहते हैं। संगठन ग्रेनाइट उद्यमियों की आवाज के साथ सामाजिक सरोकार के कार्यों में भी मजबूती से खड़ा रहता है, लेकिन पिछले कुछ सालों से स्थितियों में काफी बदलाव आया है।
सफ़ेद पाउडर ने लिखी नई पटकथा
ग्रेनाइट फैक्ट्री से निकलने वाले सफेद पाउडर की कहानी ने भी संगठन की नई पटकथा लिखी है। एक ज़माने में कभी नीले केरोसिन के लिए चर्चा में रहने वाला ग्रेनाइट उद्योग का एसोसिएशन आज सफेद पाउडर से पैसे कमाने के कारण चर्चा में बना हुआ है। इसके चलते अब अध्यक्ष का पद और भी अधिक चर्चा का विषय बना हुआ है। अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार लालसिंह राठौड़ पूर्व में ग्रेनाइट एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस में भी पदाधिकारी हैं। इधर रामकिशन रणवा भी जाने माने ग्रेनाइट उद्यमी है और उनकी अच्छी पकड़ है। हालांकि रणवा पहली बार किस्मत आ रहे हैं। वहीं दोनों प्रत्याशी अपने अपने पक्ष में पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। दोनों प्रत्याशी प्रत्येक इकाई तक पहुंच अपने पक्ष में मतदान के लिए आग्रह कर रहे हैं। दोनों अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
ग्रेनाइट पर जीएसटी कम करने का आग्रह
पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान प्रत्याशी लालसिंह राठौड़ से बात की तो उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान बहुत जरूरी है। मैं सभी ग्रेनाइट उद्यमियों से यही गुजारिश करता हूं कि वह अपने मत का उपयोग जरूर करें। साथ ही उन्होंने बताया कि जीएसटी को लेकर ग्रेनाइट एसोसिएशन का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने पूर्व कार्यकाल के बारे में भी बताया जब उन्होंने ग्रेनाइट उद्योगों के लिए जीएसटी को लेकर मोर्चा खोला था। उन्होंने कहा कि ग्रेनाइट पर जीएसटी मात्र 5 प्रतिशत ही होना चाहिए। उनका पैनल ग्रेनाइट उद्यमी के हक में संघर्ष करेगा। ग्रेनाइट को फिर से एक चमक दिलाने में दिन-रात मेहनत करेगा। उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
पहली बार अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे रामकिशन रणवां ने भी कहा कि ग्रेनाइट पर जीएसटी को कम करने की जरूरत है, ताकि व्यापार को फायदा हो सके। उन्होंने ग्रेनाइट उद्योग को ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी के सहयोग की भी बात कही। साथ ही कहा कि उनका पैनल उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तैयार रहेंगे।
लालसिंह का पैनल
अध्यक्ष पद के लिए लालसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष प्रथम हरिसिंह चारण, उपाध्यक्ष तृतीय सुमेरसिंह राजपुरोहित, सचिव ओबाराम देवासी, सह सचिव प्रथम तेजाराम लोहार, द्वितीय कुंपाराम बागरेचा, तृतीय मोहबताराम मेघवाल व कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुरेश अग्रवाल है।
रामकिशन का पेनल
अध्यक्ष रामकिशन रणवां, उपाध्यक्ष प्रथम विनय चौधरी, उपाध्यक्ष तृतीय हरबंश सिंह, सचिव अरविंद चौधरी, सह सचिव रतनलाल लोहार, द्वितीय महावीर प्रसाद, तृतीय योगेंद्र धर्मीचंद व कोषाध्यक्ष राम रतन चौधरी है।






No Comment! Be the first one.