जोधपुर में मालाणी डेयरी ग्रुप पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई
जोधपुर में आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने मालाणी डेयरी ग्रुप और व्यवसायी घनश्याम सोनी से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। टैक्स चोरी व अघोषित आय के संदेह में दस्तावेज़ और डिजिटल रिकॉर्ड...

एक साथ पांच ठिकानों पर छापेमारी
जोधपुर में घी के बड़े कारोबारी समूह मालाणी डेयरी ग्रुप पर आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने व्यवसायी घनश्याम सोनी और उनसे जुड़ी फर्मों के खिलाफ एक साथ शहर के पांच अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।
Table Of Content
इन पांच ठिकानों पर चल रही है कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार जिन स्थानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है, उनमें शामिल हैं—
मंडोर मंडी स्थित व्यावसायिक परिसर
न्यू पॉवर हाउस रोड स्थित औद्योगिक ठिकाना
बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र
शहर के भीतरी क्षेत्र में स्थित पैतृक आवास
शास्त्री नगर स्थित आवासीय बंगला
सभी ठिकानों पर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक है।
अलसुबह दी दबिश, किसी को बाहर निकलने की अनुमति नहीं
विभागीय सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार अलसुबह एक साथ इन सभी ठिकानों पर दबिश दी। सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी को भी परिसर के अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि समूह के खिलाफ बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और अघोषित आय से जुड़े ठोस इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
बाहर की टीम भी जांच में शामिल
सूत्रों का कहना है कि आयकर इन्वेस्टिगेशन विंग की एक टीम बुधवार को उत्तर प्रदेश से फ्लाइट के जरिए जोधपुर पहुंची थी। इसके बाद गुरुवार सुबह स्थानीय टीमों के साथ समन्वय कर एक साथ छापेमारी की गई। जानकारी यह भी सामने आई है कि नागौर और बीकानेर में भी इससे जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है।
कौन हैं घनश्याम सोनी और मालाणी डेयरी ग्रुप
मालाणी डेयरी ग्रुप जोधपुर और पश्चिमी राजस्थान में डेयरी उत्पादों, विशेषकर घी के थोक व्यापार का एक बड़ा नाम माना जाता है। ऑनलाइन उपलब्ध कंपनी रिकॉर्ड के अनुसार मालाणी डेयरी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों में घनश्याम सोनी के साथ-साथ सुनीता सोनी, विनोद सोनी और विवेक सोनी शामिल हैं।
कंपनी घी, बटर ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के थोक व्यापार और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी हुई है। विभिन्न बिजनेस लिस्टिंग प्लेटफॉर्म पर कंपनी का टर्नओवर 500 करोड़ रुपये से अधिक बताया जाता है। कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस गुलाब सागर क्षेत्र में है, जबकि गोदाम और संचालन मंडोर मंडी एवं बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र से होते हैं।
कारोबारियों में मचा हड़कंप
आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग आमतौर पर तभी कार्रवाई करती है, जब बड़े स्तर पर टैक्स चोरी या संदिग्ध नकदी लेन-देन की पुख्ता जानकारी होती है। गुरुवार तड़के हुई इस छापेमारी की खबर फैलते ही मंडोर मंडी, बोरानाडा और न्यू पॉवर हाउस रोड क्षेत्र के अन्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया।






No Comment! Be the first one.