जब आसमान ने सबकुछ निगल लिया
12 जून 2025 को भारत ने एक ऐसा हादसा देखा, जिसने केवल विमान यात्रियों की ही नहीं, बल्कि ज़मीन पर मौजूद मासूम जिंदगियों को भी निगल लिया। अहमदाबाद में हुआ यह हादसा सिर्फ एक विमान दुर्घटना नहीं था। यह...

हवा में बिखरे सपने: एयर इंडिया हादसे के बाद आत्मनिरीक्षण का समय
राकेश गांधी,
वरिष्ठ पत्रकार
एक आम सुबह, एक असाधारण हादसा
12 जून 2025 की सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट AI‑171 अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई। उड़ान भरने के करीब 12 मिनट बाद, तकनीकी गड़बड़ी के चलते विमान साबरमती नदी के किनारे एक बहुमंज़िला इमारत से टकरा गया। उस विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर, कुल 242 लोग सवार थे। जिस इमारत से वह विमान टकराया वह एक मेडिकल कॉलेज की छात्रावास मंजिल थी। हादसे के समय छात्रावास में मेडिकल विद्यार्थी दोपहर का भोजन कर रहे थे। जब विमान तेज आवाज़ के साथ इमारत से टकराया, विस्फोट हुआ और पूरी मंज़िल आग की लपटों में घिर गई। विद्यार्थियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान टुडे, जुलाई 2025
अब तक के आंकड़ों के अनुसार:
विमान में 241 लोगों की मौत हुई (1 यात्री गम्भीर रूप से घायल होकर बचा, जो अपने आप में अजूबा ही था।)
39 से अधिक ज़मीनी मौतें, जिनमें मेडिकल विद्यार्थी, कैंटीन कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं दर्जनों घायल, कई की हालत अभी भी नाज़ुक
राहत और बचाव: तत्परता या देरी?
हादसे के तुरंत बाद एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, एयरफोर्स और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। लेकिन मलबा इतना भयावह था कि कई शव पूरी तरह जल चुके थे।
डीएनए परीक्षण ही एकमात्र पहचान का जरिया बना। अब तक अधिकतर शवों की पहचान हो चुकी है और उनके परिवारों को शव सौंप दिए गए हैं। कुछ मृतकों के अवशेष अब भी फोरेंसिक जांच में हैं।
मलबे के नीचे दबे रिश्ते और आंसू
दुर्घटना के बाद के दृश्य किसी भयानक युद्धक्षेत्र जैसे थे। जले हुए मलबे, टूटे खिलौनों, मोबाइल फ़ोन के स्क्रीनशॉट और अधजले पासपोर्टों के बीच इंसानियत को तलाशना बेहद मुश्किल था। अधिकतर शव इतनी बुरी तरह क्षत-विक्षत थे कि पहचान के लिए डीएनए टेस्ट ही एकमात्र सहारा था। अब तक 251 शवों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से 245 परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। लेकिन एक मां अब भी अपने बेटे के जले जूते को पकड़कर रो रही है— “शायद ये उसका है…।”
ब्लैक बॉक्स और जांच की गुत्थी
दुर्घटना स्थल से विमान के दोनों ब्लैक बॉक्स (एफडीआर और सीवीआर) बरामद किए गए।
एक बॉक्स को बाहरी क्षति हुई है, लेकिन डीजीसीए और एएआईबी की टीम इसे दिल्ली की “उड़ान भवन” लैब में डिकोड करने की कोशिश कर रही है। ज़रूरत पड़ी, तो उसे अमेरिका या सिंगापुर भेजा जाएगा।
डीजीसीए की कार्रवाई- समाधान या सफाई?
हादसे के बाद डीजीसीए ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों को उनके पद से हटाया और एयर इंडिया के पूरे ड्रीमलाइनर बेड़े पर विशेष सुरक्षा ऑडिट की घोषणा की। हालांकि यह कार्रवाई तेज़ थी, लेकिन कई विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिर्फ पोस्ट-फेक्टो डमेजे कंट्रोल है।पिछले वर्षों में क्रू शेड्यूलिंग, ओवरलोड, और तकनीकी निरीक्षण में अनियमितताएं सामने आती रही हैं, जिन पर गंभीर कार्यवाही नहीं हुई।
मुआवज़ा और संवेदना: क्या पर्याप्त है?
टाटा समूह और एयर इंडिया ने मृतकों के परिजनों को क्रमशः1 करोड़ + 25 लाख रुपए का मुआवज़ा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को चिकित्सा सुविधा और परामर्श सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। लेकिन जिन परिवारों ने अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने का सपना देखा था, उन्हें एक चेक से संतोष नहीं मिलेगा। उनके लिए यह सिर्फ “आर्थिक राहत” नहीं, बल्कि एक उजड़ा भविष्य और अधूरी जिंदगी का सौदा है।
ज़मीन पर बिखरे सपनों की गवाही
इस हादसे को देखने वाला हर कोई एक बात ज़रूर कहता है, “मलबा नहीं, सपने जल गए थे।” कैंटीन की दीवारों पर जली हुई किताबें, छात्राओं के अधजले लैपटॉप, और क्लास शेड्यूल की कटी-फटी कॉपियां नजर आई। ये न केवल एक हादसे का, बल्कि तंत्र की उदासीनता और सुरक्षा में सेंध का प्रमाण हैं। विपक्ष ने इस हादसे को “सिस्टम फेलियर” बताया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जवाब मांगा। सोशल मीडिया पर कई यात्रियों के पुराने अनुभवों को साझा किया गया, जहां उन्होंने फ्लाइट में खामी, इंजन आवाज़, थके क्रू की शिकायत की थी, जिसे नजरअंदाज़ किया गया।
हमारे लिए सबक
हर हादसा एक सबक देता है।
क्या सुरक्षा ऑडिट अब नियमित होंगे?
क्या क्रू शेड्यूलिंग अब मशीन से नहीं, मानवता से तय होगी?
क्या यात्रियों को एयर सेफ्टी की जानकारी सिर्फ ब्रोशर से नहीं, व्यवहार में मिलेगी?
या फिर अगली त्रासदी तक हम फिर से सब भूल जाएंगे?
सवाल आसमान से नहीं, ज़मीन से उठते हैं
इस हादसे ने सिर्फ एक विमान नहीं गिराया, बल्कि इसने भरोसे, सिस्टम और उम्मीदों को ज़मींदोज़ कर दिया। जो मेडिकल विद्यार्थी दूसरों की जान बचाने के लिए डॉक्टर बनने आए थे, उन्हें खुद बचने का मौका नहीं मिला। जब तक हम हादसों को सिर्फ फाइलों, जांच रिपोर्टों और चेक बुक से निपटाते रहेंगे, तब तक हर उड़ान के साथ एक अनदेखा खतरा भी उड़ान भरेगा।
एयर इंडिया की उड़ानों पर असर
AI‑171 हादसे के बाद एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों से अपने बेड़े की व्यापक समीक्षा शुरू की, जिसके तहत ड्रीमलाइनर (Boeing 787) विमानों पर विशेष तकनीकी जांच चलाई गई। इसके चलते 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें (जिनमें से 66 ड्रीमलाइनर पर आधारित थीं) अस्थायी रूप से रद्द की गईं। साथ ही लगभग 19 घरेलू और क्षेत्रीय मार्गों की उड़ानों को भी स्थगित किया गया। इनमें अहमदाबाद–लंदन, पुणे–सिंगापुर, बेंगलुरु–सिंगापुर, और मुंबई–बागडोगरा जैसी उड़ानें शामिल थीं। एयर इंडिया ने इसे “सुरक्षा परीक्षण और नेटवर्क स्थिरता” की आवश्यकता बताते हुए अस्थायी कदम कहा है, हालांकि यात्रियों को सूचना और पुनः आरक्षण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।






No Comment! Be the first one.