जोधपुर का 20 साल का युवक कर रहा था पाकिस्तान के लिए जासूसी
अलवर में सेना की छावनी के पास पकड़ा गया, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी भेजी थी संवेदनशील जानकारी जोधपुर। राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में जोधपुर निवासी 20...

अलवर में सेना की छावनी के पास पकड़ा गया, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी भेजी थी संवेदनशील जानकारी
जोधपुर। राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में जोधपुर निवासी 20 वर्षीय युवक कुंदन बिश्नोई को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अलवर के इटराना सैन्य छावनी क्षेत्र के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था और पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों को संवेदनशील सूचनाएं उपलब्ध करा रहा था। मामले की जांच विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ समय से सेना की गतिविधियों, सैन्य प्रतिष्ठानों और रणनीतिक क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा था। जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों से ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ संपर्क की आशंका मजबूत हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अलवर छावनी क्षेत्र में रहने वाले युवाओं और छात्रों से संपर्क बढ़ाकर सैन्य क्षेत्र से जुड़ी सूचनाएं हासिल करने की कोशिश की। सेना के जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे पकड़कर सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के दौरान उसकी गतिविधियां रडार पर आई थीं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने अब तक कितनी जानकारी साझा की, किन माध्यमों से भेजी और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
राजस्थान में पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामलों में लगातार गिरफ्तारियां हुई हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सोशल मीडिया, हनीट्रैप और ऑनलाइन नेटवर्क के जरिए युवाओं को फंसाकर सैन्य सूचनाएं हासिल करने की कोशिशें बढ़ी हैं।





No Comment! Be the first one.