शनि ग्रह का राशि परिवर्तन
ऐसा नहीं है कि बाकी राशियां शनि के इस स्थान परिवर्तन के प्रभाव से अछूती रह जाएंगी। सभी राशियों पर कुछ अनुकूल और प्रतिकूल प्रभाव पढ़ने सुनिश्चित...

विपुल डोभाल
29 मार्च 2025 को खगोलीय दुनिया में एक बड़ी हलचल ने अनेक राशियों को प्रभावित किया है। शनि गृह ने कुंभ राशि से मीन राशि में प्रवेश किया है। जिससे मकर राशि की साढ़े- साती समाप्त हुई है, किंतु मेष राशि के लोगों की साढ़े- साती प्रारंभ हो गई है। इसके अतिरिक्त दो और राशियां जो सीधे- सीधे प्रभावित हुई हैं, वह हैं सिंह और धनु। इन दोनों ही राशियों की ढैया प्रारंभ हुई है।
https://rajasthantoday.online/april-2025
ऐसा नहीं है कि बाकी राशियां शनि के इस स्थान परिवर्तन के प्रभाव से अछूती रह जाएंगी। सभी राशियों पर कुछ अनुकूल और प्रतिकूल प्रभाव पढ़ने सुनिश्चित हैं। जब भी बड़े ग्रह राशि परिवर्तन करते हैं तो उससे 3 महीने पहले और 3 महीने बाद सभी राशि वालों को किसी न किसी रूप में प्रभावों से गुजरना पड़ता है। ऐसे में सतर्कता बरतें और बड़े निर्णयों से बचें। शनि और बृहस्पति जैसे ग्रह जब भी घर बदलते हैं, तब केवल मानव मात्र पर प्रभाव नहीं पड़ता, अपितु बड़े आवासीय भूखंडों पर भी प्रभाव पड़ता है। सामूहिक रूप से बड़े प्राकृतिक परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। कई बार भूकंप, सुनामी एवं महामारियां इत्यादि इसी प्रकार के योगों में घटित होती हैं। आने वाले लगभग 4 महीनों में शनि और राहु का गोचर भी कुछ प्रतिकूल प्रभाव डालता दिखाई दे रहा है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा, युद्ध और क्रांतियां घटित होने की आशंकाएं रहती हैं। कॉविड-19 के अक्टूबर माह में भी इसी प्रकार का संयोग बना था, जिसकी भविष्यवाणी मेरे द्वारा एवं अनेक पंचांगों में पहले ही कर दी गई थी। शीघ्र ही मैं ज्योतिष के वैज्ञानिक आयामों पर भी विश्लेषणात्मक जानकारी आपको उपलब्ध कराउंगा, जिस पर मैंने एक इंजीनियर की दृष्टि से शोध कार्य करने की कोशिश की है।
मेष राशि
इस राशि के जातकों के लिए यह महीना स्वास्थ्य की दृष्टि से ध्यान देने वाला रहेगा। विशेष रूप से नेत्र दोष और न्यूरो से संबंधित समस्या परेशान कर सकती है। कुटुंब में तनाव की स्थिति बनी रहेगी। व्यय अनियंत्रित होंगे। माता के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रह सकते हैं। कोई भूमि, भवन या वाहन की खरीद कर रहे हैं तो इस महीने टाल दें।
इस माह ओम नमः शिवाय के मंत्रों का जाप शुभ रहेगा।
वृषभ राशि
इस राशि के जातक इस महीने सामाजिक रूप से मान सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त करते दिखाई दे रहे हैं। किंतु कार्य क्षेत्र में द्वंद्व की स्थिति दिखाई पड़ रही है। बेवजह के विवादों से बचाव रखें। आपके संचित धन पर खतरा बना हुआ दिखाई दे रहा है। कोई भी व्यय पूरी प्लानिंग के साथ करें। कान से संबंधित समस्या और चर्म संबंधित एलर्जी परेशान कर सकती है।
इस माह विष्णु जी या उनके अवतारों का पूजन अर्चन शुभ रहेगा।
मिथुन राशि
इस राशि के व्यक्ति क्रोध से बचें। व्यर्थ के विवाद की स्थितियां घर और कार्य क्षेत्र दोनों में ही बन सकती हैं। जहां तक संभव हो शांत रहकर हल निकाले। आपका भाग्य इस माह साथ देता नहीं दिखाई दे रहा है। नौकरी पेशे वाले लोग तनाव में दिखाई पड़ रहे हैं, किंतु इस माह जॉब परिवर्तन करना कोई बहुत शुभ नहीं दिखाई पड़ रहा है।
इस दौरान सूर्य को जल चढ़ाएं और शनि देव के बीज मंत्र ओम शम शनैश्चराय नमः का जाप करें।
कर्क राशि
इस राशि के जातक बहुत राहत महसूस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। लंबे समय से रुके हुए कार्य धीरे-धीरे आगे बढ़ेंगे। इस माह अपने कर्म पर विश्वास करते हुए कदम आगे बढ़ाएं। भाग्य पूरी तरह साथ नहीं दे रहा है, किंतु अंततः सफलता आपको प्राप्त होती दिखाई दे रही है। भावनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण रखें। उसके बाद ही कोई महत्वपूर्ण निर्णय लें। महिलाओं से सतर्कता रखें अन्यथा अपयश मिल सकता है।
इस माह शुक्रवार को सफेद पदार्थ का दान करना आपके लिए शुभ रहेगा।
सिंह राशि
इस राशि के जातकों के लिए स्वास्थ्य के ऊपर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। 29 मार्च से शनि की ढैया प्रारंभ हो गई है, अतः आने वाले ढाई वर्ष महत्वपूर्ण निर्णय के ऊपर बहुत विचार करके ही आगे बढ़ाना शुभ रहेगा। पत्नी को स्वास्थ्य कष्ट रहेगा। कार्य क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है और कुछ लांछन भी लगा सकते हैं। कुल मिलाकर यह महीना आपकी निजी और सार्वजनिक दोनों ही जीवन में तनाव उत्पन्न कर सकता है।
शनि देव की उपासना आपके लिए शुभ रहेगी।
कन्या राशि
इस राशि के जातकों के लिए प्रेम संबंधों में तनाव उत्पन्न होता दिखाई दे रहा है। वैवाहिक युगल भी आपसी मतभेद से गुजर सकते हैं। नाभि और निचले हिस्सों में स्वास्थ्य कष्ट रह सकता है। महिलाओं को स्त्री जन्य रोग परेशान कर सकते हैं। भाग्य साथ देता नहीं दिखाई दे रहा है। व्यर्थ की भागदौड़ दिख रही है। भाई बहनों के साथ संबंध मधुर होंगे और उनकी तरफ से शुभ समाचार भी प्राप्त होगा। आय के साधन बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। संतान सुख योग उत्तम है।
इस माह हर गुरुवार केले के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक प्रज्वलित करना शुभ रहेगा।
तुला राशि
इस राशि के जातकों के लिए यह महीना पिछले कुछ महीनों की तुलना में बेहतरीन दिखाई दे रहा है। आपके शत्रु कमजोर पड़ेंगे। पुराने चले आ रहे विवाद समाप्त होंगे। किंतु किसी भी नए विवादों से बचें। संतान के स्वास्थ्य को लेकर कोई चिंता बनी हुई दिखाई दे रही है। दूरगामी यात्रा का कार्यक्रम बन सकता है।
इस माह शिवलिंग पर जल अर्पित करना आपके लिए शुभ रहेगा।
वृश्चिक राशि
इस राशि के लिए यह माह सुख बाधक दिखाई पड़ रहा है। माता जी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रह सकते हैं। प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त एक माह के लिए रोक दें तो अच्छा रहेगा। नाभि और निचले हिस्से साथ ही लीवर आंतों का ध्यान रखना होगा। कमर के निचले हिस्से भी तकलीफ दे सकते हैं। पत्नी के स्वास्थ्य को भी कष्ट दिखाई दे रहा है। हालांकि आपके कार्यक्षेत्र में भाग्य साथ देगा। आय के साधन बने रहेंगे। आपकी शनि की ढैया समाप्त हो रही है, अतः धैर्य रखें। एक माह पश्चात जीवन में बहुत सकारात्मक परिवर्तन होने जा रहे हैं।
बालाजी का स्मरण और पूजन शुभ रहेगा। हनुमान चालीसा का पाठ भी कर सकते हैं।
धनु राशि
इस राशि के जातक प्रेम प्रसंग में विवाद की स्थिति में आ सकते हैं। पहले से चली आ रही रिलेशनशिप खतरे में पड़ सकती है। पराई स्त्री या पुरुष के कारण मानहानि हो सकती है। आवश्यकता से अधिक रिस्क आपके लिए घातक हो सकता है, चाहे वह किसी भी क्षेत्र में हो। कार्यक्षेत्र में जितनी भागदौड़ या मेहनत करेंगे, उतना ही शुभ फल मिलेगा। पारिवारिक मामलों में तनाव की स्थिति बन सकती है। स्मरण रहे कि आप शनि की ढैया में प्रवेश कर चुके हैं, अतः आने वाले ढाई वर्ष बहुत संयमित तरीके से कदम आगे बढ़ाने होंगे। अगले ढाई वर्ष किसी भी असहाय व्यक्ति की अवहेलना ना करें और ना ही किसी को पीड़ित करें अन्यथा शनि देव आपको तकलीफ में डाल सकते हैं।
यूं तो आने वाले 2 वर्ष शनिदेव की उपासना आपके लिए शुभ रहेगी और इस माह आप भगवान गणेश जी की स्तुति करें, शुभ रहेगा।
मकर राशि
इस राशि के जातकों के लिए अप्रैल माह मिले-जुले असर वाला रहने वाला है। प्रारंभिक 14 दिन मानसिक द्वंद्व वाले दिखाई दे रहे हैं। उसके पश्चात मन शांत रहेगा और धन लाभ भी होता दिखाई दे रहा है। संतान को लेकर थोड़ी चिंता दिखाई दे रही है। प्रेम संबंधों और वैवाहिक जीवन में प्रगाढ़ता दिखाई दे रही है। आय के साधनों में वृद्धि होगी। मान सम्मान की प्राप्ति भी इस माह होगी।
सूर्य को जल अर्पित करना और शनि देव के मंत्रों का जाप शुभ रहेगा।
कुंभ राशि
इस राशि के जातक इस माह एलर्जी से संबंधित रोगों के प्रति सतर्क रहें। माइग्रेन के रोगी परेशान रह सकते हैं। महीने के मध्य भाग तक कुछ मानसिक तनाव की स्थिति बनी रह सकती है। भूमि भवन और वाहन की खरीद में बाधा आ सकती है। व्यवसाय में वृद्धि होती दिखाई दे रही है। किसी शुभ कार्य में धन व्यय होगा। कीमती वस्तुओं को सहेज कर रखें, अन्यथा खोने का भय बना रहेगा।
इस माह हर गुरुवार चने की दाल और गुड़ का दान शुभ रहेगा। दिन की शुरुआत ओम नमः शिवाय के जाप से करें।
मीन राशि
इस राशि के जातकों को इस माह व्यर्थ के विवादों से बचाना है। छाती और नाभि के आसपास के हिस्सों में रोग के प्रति सतर्क रहें। दांपत्य जीवन में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। बाई आंख की रोशनी पर प्रभाव आ सकता है। भाई बहनों के साथ विवाद की स्थिति बन सकती है। इस माह शनि देव का प्रवेश मीन राशि पर होने से बहुत संयम के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता रहेगी। प्रेम संबंधों में भी विवाद उत्पन्न हो सकता है। व्यवसाय में बड़े रिक्स ना लें तो अच्छा रहेगा। नौकरी पेशा लोगों के लिए समय अनुकूल है। इस माह भगवान गणेश की स्तुति शुभ रहेगी, साथ ही शनि से संबंधित वस्तुओं का दान भी शुभ रहेगा।






No Comment! Be the first one.