14 साल के वैभव का तांडव, शीर्ष गेंदबाजों की हवा निकाली
पहली गेंद से ही आक्रामकता अख्तियार करते हुए वैभव ने अपने बैट से जो तांडव मचाया, विकेट के पीछे खड़े विश्व के तेज तर्रार बल्लेबाज जोस बटलर भी उसके हर शाट को मंद मुस्कान के साथ निहारते नजर...

राजस्थान रायल 8 विकेट से जीता, अधिकतर ट्राफियां वैभव के नाम
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सोमवार शाम राजस्थान रायल के किशोर वय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी जब बैट थामे मैदान में उतरे तो किसी को इसका आभास तक नहीं था कि वे आज क्या ठानकर आए हैं। पहली गेंद से ही आक्रामकता अख्तियार करते हुए वैभव ने अपने बैट से जो तांडव मचाया, विकेट के पीछे खड़े विश्व के तेज तर्रार बल्लेबाज जोस बटलर भी उसके हर शाट को मंद मुस्कान के साथ निहारते नजर आए। वैभव ने गेंद को उन तक पहुंचने ही नहीं दिया, बल्कि उसे बाउंड्री की राह दिखाते रहे।
Table Of Content
जीटी के कई गेंदबाज असहाय नजर आए
बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव के इस चौदह वर्षीय मासूम बालक वैभव ने आज बड़े खिलाड़ियों के सामने अपनी मासूमियत उतार फेंकी और खूब धूम- धड़ाका किया। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 209 रन बनाए तो एक बारगी लगा कि ये मैच राजस्थान रायल के लिए कठिन होगा। लेकिन वैभव व यशस्वी ने दस ओवर में ही अपने रायल प्रदर्शन से राजस्थान की जीत की राह आसान कर दी। वैभव ने मैदान के हर कौने में गेंद को इस तरह पहुंचाया, जैसे उनका अभ्यास सत्र चल रहा हो। इशांत शर्मा जैसे वरिष्ठ गेंदबाज तक ने वैभव के सामने अपनी लय खो दी। वे हर बार असहाय नजर आए। तेज तर्रार युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी अधिकतर बार सामने वाले छोर पर खड़े होकर वैभव का होसला बढ़ाते रहे। वैभव ने 7 चौकों व 11 आतिशी छक्कों की बदौलत मात्र 35 गेंदों पर शतक बना डाला। ये आईपीएल इतिहास में अब तक का दूसरा सबसे तेज शतक है। पहले नम्बर पर गेल हैं।
हर खिलाड़ी ने थपथपाई वैभव की पीठ
आउट होकर जब वैभव पवेलियन लौट रहे थे तो जीटी के हर खिलाड़ी ने वैभव की पीठ थपथपाई। कोच राहुल द्रविड़ समेत पूरा सवाईमानसिंह स्टेडियम पैरों पर खड़ा था। पहले मैच में गलत शाट पर आउट होने पर रोने वाले वैभव के आज के खेल के बाद स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक की आंख में खुशी के आंसू थे। ये मैच राजस्थान रायल ने 15.5 ओवर में ही आठ विकेट से जीत लिया। यशस्वी जायसवाल ने भी नौ चौकों व दो छक्कों की मदद से मात्र 40 गेंदों पर 70 रन बनाए। इससे पूर्व गुजरात टाइटंस ने कप्तान शुभमन गिल के 84 व जोस बटलर के 50 रनों की बदौलत 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।
मैं ज्यादा सोचता नहीं, सिर्फ खेल पर ध्यान देता हूं- वैभव
मैच के बाद यशस्वी जायसवाल ने रवि शास्त्री के एक सवाल पर कहा, ‘सामने खड़े होकर इस किशोर खिलाड़ी के दमदार प्रदर्शन को देखना अच्छा लग रहा था। वैभव ने आज वाकई बैट से वो कमाल किया, जो किसी भी सीनियर खिलाड़ी के लिए कल्पना भर है। वैभव को मार्गदर्शन देने की बजाए, मैंने उसे स्वाभाविक खेल खेलने को ही कहा।’ रियान पराग व शुभमन गिल ने वैभव के खेल को अविश्वसीय बताया। मैच के दौरान कमेन्टेटर भी निःशब्द थे। मैदान में लगे सारे कैमरे आज वैभव की तरफ थे। मैच के बाद प्लेयर आफ द मैच समेत अधिकतर ट्राफी वैभव के नाम रही। वैभव ने कहा, ‘मुझे काफी अच्छा लग रहा है। मुझे अभ्यास का लाभ मिला। मैं ज्यादा किसी को नहीं देखता, बल्कि मुझे सिर्फ गेंद को मारना होता है। मैं ज्यादा सोचता भी नहीं हूं।’






No Comment! Be the first one.