चौंकाती है “सैय्यारा” फिल्म की सफलता
मोहित सूरी की नई फिल्म ‘सैय्यारा’ न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी एक सांस्कृतिक बहस का कारण बन चुकी है।...

क्या यह नई पीढ़ी की बदलती उम्मीदों का संकेत है?
– सुधांशु टाक,
लेखक व समीक्षक
Table Of Content
आज के दौर में जब तकनीक की बात होती है तो एक शब्द “जेन-जी” लोगों की जुबान के माध्यम से बार- बार सुनाई देता है। तो सबसे पहले ये जान लें कि यह “जेन जी” है क्या..? असल में जेन-जी अंग्रेजी के Gen Z का हिंदी रूपांतरण है। कुछ लोग इसे जेन-जेड भी कहते हैं। आज के दौर में जब तकनीक की बात होती है तो सबसे पहले जेन-जी लोगों का नाम आता है। ये वे लोग हैं जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच में हुआ है और 2024 में इनकी उम्र 12 से 27 साल के बीच में है। जेन-जी पीढ़ी कई मायनों में काबिल है और टेक्नोलॉजी फ्रेंडली हैं। तो साहब इस जेन-जी पीढ़ी के नौजवानों में 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई हिन्दी फिल्म “सैय्यारा” को लेकर एक हिस्टीरिया- एक पागलपन पैदा हो गया है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर गदर काट रही हैं। इतनी बड़ी सफलता और टिकट खिड़की पर ऐसा ब्लॉक-बस्टर कलेक्शन लम्बे समय बाद देखने को मिल रहा है।
अगस्त 2025 का अंक देखें-
राजस्थान टुडे, अगस्त 2025 | PDF to Flipbook
नवोदित अदाकारों अहान पांडे और अनीत पड्डा की इस पहली बॉलीवुड फिल्म ‘सैयारा’ ने रिलीज के पहले हफ्ते में दुनियाभर में बम्पर कमाई की है। इस एक हफ्ते में ‘सैयारा’ ने कमाई के मामले में कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। पीछे छूटने वालों में कई बड़े स्टार की बिग बजट फिल्में भी शामिल हैं।
बढ़ती जा रही है कमाई
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने सातवें दिन 13.71 करोड़ रुपए कमाए, जिसके बाद भारत में इसका कलेक्शन लगातार बढ़ता जा रहा है। दुनियाभर में फिल्म ने 400 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसमें विदेशों से 40 करोड़ रुपए से अधिक कमाई शामिल है। फिल्म को मिल रहे जबरदस्त प्यार और दर्शकों की भीड़ ने इसे साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बना दिया है। आप सभी की जानकारी के लिए ‘सैयारा’ का कुल बजट करीब 40 करोड़ रुपए है। यानी फिल्म पहले ही ब्लॉकबस्टर हो चुकी है।
मोहित सूरी की इस फिल्म को यश राज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का संगीत और ‘आशिकी 2′ जैसा रोमांटिक अहसास दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और जयपुर जैसे शहरों में फिल्म को सबसे ज्यादा स्क्रीनिंग मिल रही है। ‘सैयारा’ की इस ऐतिहासिक कामयाबी ने हीरो अहान और हीरोइन अनीत को रातोंरात स्टार बना दिया है, और यह फिल्म बॉलीवुड में नए टैलेंट की ताकत दिखा रही है। फिल्म को सकारात्मक समीक्षाएं मिल रही हैं, जिससे ट्रेड एनालिस्ट को यह उम्मीद है कि यह 300 से 400 करोड़ तक की कमाई कर सकती है।
युवा पीढ़ी के पसंद की कहानी
‘सैयारा’ उस कहानी पर बनी फिल्म है, जो आप सैकड़ों बार देख-सुन चुके हैं। एक अक्खड़ मिजाज लड़का है कृष कपूर। उसका बचपन बुरा गुज़रा। अब वो म्यूज़िशियन बनना चाहता है। उसके लिए स्ट्रगल कर रहा है। तभी उसकी मुलाकात वाणी नाम की एक लड़की से होती है। वाणी जर्नलिस्ट है, मगर गाने भी लिखती है। कृष और वाणी मिलते हैं। म्यूज़िक बनाते हैं। प्रेम में पड़ते हैं और किन्हीं वजहों से उन्हें अलग होना पड़ता है। उन दोनों के साथ आने में क्या अड़चन है, यही फिल्म का क्रक्स है। बस यहीं से युवा पीढ़ी इस फिल्म से जुड़ रही है।
आज की जेनरेशन को इस फिल्म से जो चाहिए, वो सबकुछ इसमें मिलता है। एक फ्रेश लीड पेयर। बढ़िया केमिस्ट्री। मजबूत इमोशनल ड्रामा। हिट म्यूज़िक और ठीक-ठाक परफॉरमेंसेज़। हालांकि फिल्म की एंडिंग थोड़ी अटपटी लगती है। ‘अब्रप्ट’ भी कह सकते हैं। मगर उससे पूरी फिल्म पर कुछ खास फर्क नहीं पड़ता। शायद आज की जेन जी ऑडियंस को यही बात उन्मादी बना रही है।
भावनाओं का समंदर
उन्मादी इसलिए लिखा, क्योंकि सिनेमा थियेटर्स से ऐसे ढेरों वीडियो सामने आ रहे हैं, जिसमें लोग चीख रहे हैं। रो रहे हैं। मोहित सूरी की नई रोमांटिक फिल्म ‘सैय्यारा’ 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों के दिलों पर गहरा असर छोड़ रही है। अहान पांडे और अनीत पड्डा की ताजा जोड़ी ने स्क्रीन पर ऐसी केमिस्ट्री दिखाई कि थिएटर अब केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि भावनाओं का समंदर बन गया है। फिल्म की कहानी प्यार, टूटन और आत्म-खोज के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें अहान ने एक महत्वाकांक्षी सिंगर कृष कपूर और अनीत ने एक संवेदनशील गीतकार वाणी बत्रा का किरदार निभाया है।
एक अहसास बन चुकी है ‘सैय्यारा’
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें और वीडियो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि ‘सैय्यारा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, एक अहसास बन चुकी है। कोई चुपचाप रोता दिख रहा है, तो कोई जोर-जोर से फूट-फूट कर रो रहा है। कुछ कपल्स सीट पर एक-दूसरे का हाथ थामे भावुक हो रहे हैं, वहीं एक वीडियो में एक लड़का आईवी ड्रिप लगाकर फिल्म देखने पहुंच गया। कुछ लोग इसे फिल्म की पीआर टीम का पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं। लेकिन लगातार एक्शन और थ्रिलर से भरी फिल्मों के बीच ‘सैय्यारा’ ने अपने अनोखेपन से एकदम से ऑडियंस की भावनाओं को छू लिया है। लंबे समय से लोग एक सच्ची रोमांटिक कहानी की तलाश में थे और ‘सैय्यारा’ लोगों की उन उम्मीदों पर खरी उतर रही है।
फिल्म का क्रेज सभी शहरों में
‘सैय्यारा’ का जबरदस्त क्रेज लगभग सभी शहरों में देखने को मिल रहा है। कई शहरों के सिनेमाघरों विशेषकर मल्टीप्लेक्सेस में फिल्म के शोज़ लगातार हाउसफुल जा रहे हैं। फिल्म देखकर बाहर निकलते दर्शकों से जब फिल्म समीक्षक सवाल पूछ रहे हैं तो ज़्यादातर लोगों ने फिल्म को दिल छू लेने वाली बताया। एक्टर्स की दमदार परफॉर्मेंस, भावनाओं से भरपूर कहानी और सोलफुल म्यूजिक ने दर्शकों को पूरी तरह बांध लिया। लोगों का कहना था कि फिल्म न केवल रोमांटिक है, बल्कि मस्ट वॉच है।
इधर सोशल मीडिया पर एक हैंडल से एक्स यूजर ने अपने बॉलीवुड प्रेमियों से पूछा, ‘सैय्यारा’ को इतनी जबरदस्त प्रतिक्रिया क्यों मिल रही है?” तो जवाब तुरंत आने लगे।
एक यूजर ने जवाब में लिखा, “शायद जेन जेड अत्यधिक मांसल, वीएफएक्स से भरपूर 50+ साल के बुद्ध को अपनी पोतियों जितनी छोटी अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करते देख कर थक गया है।” प्रशंसकों का कहना है कि पुराने अभिनेताओं को अपनी आधी उम्र की अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करते देखने से मिली यह राहत की बात है।
“यार, इस पीढ़ी को कुछ युवा रोमांस वाली फ़िल्में तो मिलनी चाहिए (भले ही वो औसत दर्जे की ही क्यों न हो), जहां पुरुष अभिनेता 40 साल का न हो और अभिनेत्री 20 की। जहां पुरुष नायक ऐसा न लगे, जैसे उसने सालों से नहाया ही न हो और जिसमें दयनीय, घटिया और “हीरो” जैसे संवाद हों।”
वैसे हमारा मानना है कि जेन जी वाले युवा प्रशंसक इस बात से प्रभावित हो गए कि यह फिल्म भारी-भरकम विजुअल इफेक्ट्स, बड़ी हस्तियों या लगातार, भौतिकी को चुनौती देने वाले एक्शन दृश्यों पर निर्भर हुए बिना दर्शकों का मन मोह रही है। उम्र के हिसाब से उपयुक्त रोमांस ही वह चीज़ है जिसकी उन्हें तलाश थी और ‘सैय्यारा’ इस मामले में उनकी मांग पूरी करती नजर आ रही है। फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई का यह सफर कहां जाकर थमता है, इसकी सूचना भी आपको आने वाले समय में दे दी जाएगी।






No Comment! Be the first one.