पावटा आरओबी पर बड़ा हादसा टला, ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं कई जिंदगियां
जोधपुर शहर में शुक्रवार को पावटा आरओबी पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह घटना जोधपुर के पावटा क्षेत्र में स्थित पावटा आरओबी पर केएन कॉलेज पुलिए के पास हुई, जहां अचानक एक बस के ब्रेक फेल हो गए।...

जोधपुर शहर में शुक्रवार को पावटा आरओबी पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह घटना जोधपुर के पावटा क्षेत्र में स्थित पावटा आरओबी पर केएन कॉलेज पुलिए के पास हुई, जहां अचानक एक बस के ब्रेक फेल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। ब्रेक काम न करने पर कुछ पलों के लिए पुल पर अफरा-तफरी मच गई। सामने से आ रहे वाहनों और आसपास मौजूद लोगों को देख चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए एक बड़ा फैसला लिया। उसने बस को पुलिए के एंड पर लगे होर्डिंग बोर्ड की दिशा में मोड़ दिया।
बस जैसे ही होर्डिंग बोर्ड के पोल से टकराई, उसकी रफ्तार थम गई और वह वहीं रुक गई। इस टक्कर से बस को नुकसान पहुंचा, लेकिन इसी सूझबूझ भरे कदम ने एक बड़े जानलेवा हादसे को टाल दिया। यदि बस पुल से नीचे उतर जाती या भीड़ की ओर बढ़ती, तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना स्थल केएन कॉलेज पुलिया के पास है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में महिला कॉलेज छात्राएं और आम नागरिक गुजरते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ सेकंड की देरी भी गंभीर परिणाम ला सकती थी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उसकी त्वरित प्रतिक्रिया से कई जिंदगियां बच गईं।






No Comment! Be the first one.