मंदिर जाने निकली बुज़ुर्ग, टैक्सी में बैठते ही रची गई 25 लाख की साजिश!
सरदारपुरा में मंदिर जा रही बुज़ुर्ग महिला से टैक्सी में बैठाकर करीब 25 लाख रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए...

जोधपुर शहर के सरदारपुरा क्षेत्र में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकली एक बुज़ुर्ग महिला को रास्ते में एक अजनबी महिला ने टैक्सी में लिफ्ट देने का झांसा दिया। भरोसे में आई बुज़ुर्ग जैसे ही टैक्सी में बैठीं, सफर ने डरावना मोड़ ले लिया।
टैक्सी में सवार महिला ने बातों में उलझाकर बुज़ुर्ग के हाथों में पहने सोने के कंगन, गले की सोने की कंठी और कानों के टॉप्स उतरवा लिए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपी महिला ने बुज़ुर्ग का मोबाइल फोन भी बंद करवा दिया और उन्हें सुनसान सड़क पर उतारकर फरार हो गई।
घटना के बाद परिजन परेशान होकर महिला की तलाश में जुटे। एक परिचित से सूचना मिलने पर पता चला कि बुज़ुर्ग महिला को पावटा चौराहे पर देखा गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का सिलसिला शुरू हुआ।
सरदारपुरा थाना अधिकारी जय किशन सोनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की है, जो टैक्सी और आरोपी महिला की पहचान के लिए लगातार जांच में जुटी हुई है। शहर में इस घटना के बाद बुज़ुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है।





No Comment! Be the first one.