बारामती में विमान हादसा, उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा बारामती हवाई पट्टी पर आपात लैंडिंग के दौरान...

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा बारामती हवाई पट्टी पर आपात लैंडिंग के दौरान हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजित पवार एक निजी चार्टर विमान से यात्रा कर रहे थे। विमान में कुल पांच लोग सवार थे। बारामती हवाई अड्डे पर उतरते समय तकनीकी खराबी के चलते पायलटों ने आपात लैंडिंग का प्रयास किया। इसी दौरान विमान संतुलन खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में अजित पवार सहित विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पायलट और अजित पवार के दो सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आग लग गई। आसपास के इलाकों में विमान का मलबा बिखरा हुआ नजर आया। धुएं और आग की लपटों के दृश्य सामने आए हैं। सूचना मिलते ही दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका।
अजित पवार बारामती की यात्रा पर थे और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे। उनके आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। विमान दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
फैक्ट फाइल
- स्थान – बारामती हवाई पट्टी
- समय – बुधवार सुबह
- विमान – निजी चार्टर विमान
- मृतक – अजित पवार सहित पांच लोग
- कारण – आपात लैंडिंग के दौरान दुर्घटना






No Comment! Be the first one.