क्या हमारा अपना बाजार पीछे छूट रहा है?
तेज डिलीवरी और भारी छूट के पीछे छिपी असली लागत क्या है? जानिए कैसे तकनीक की सुविधा और स्थानीय दुकानदारों की जीवंतता के बीच हमें सोच-समझकर संतुलन साधना...

सुविधा की कीमत
सुबह चाय बनाते समय पता चला कि दूध खत्म है। पहले पड़ोस की दुकान तक जाना पड़ता था, अब मोबाइल पर कुछ स्पर्श करते ही दूध दरवाजे पर आ सकता है। रात में अचानक मेहमान आ जाएं, बारिश में बाहर निकलना मुश्किल हो या घर में कोई जरूरी वस्तु खत्म हो जाए, तो क्विक कॉमर्स की सुविधा उपयोगी साबित होती है। मगर इसी सुविधा के बीच एक सवाल खड़ा हो रहा है। जब हर छोटी जरूरत मोबाइल से पूरी होने लगेगी, तब मोहल्ले की वह दुकान कहां होगी, जहां से वर्षों से हमारा घर चलता आया है? क्या कुछ मिनट बचाने के लिए हम अपने ही बाजार की आर्थिक और सामाजिक जीवंतता को दांव पर लगा रहे हैं?
क्विक कॉमर्स यानी त्वरित वाणिज्य ने खरीदारी की परिभाषा बदल दी है। ब्लिंकिट, जेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट जैसी सेवाएं किराना, फल-सब्जी और घरेलू उपयोग की वस्तुएं कम समय में पहुंचाने का दावा करती हैं। व्यस्त परिवारों, बुजुर्गों और तत्काल जरूरत वाले ग्राहकों के लिए यह सुविधा उपयोगी है। लेकिन इसका मूल्यांकन केवल डिलीवरी की गति से नहीं होना चाहिए। यह भी देखना होगा कि सामान कितना सस्ता है, गुणवत्ता कैसी है और इस व्यवस्था से स्थानीय रोजगार पर क्या असर पड़ रहा है।
बाजार के विस्तार के आंकड़े इस बदलाव की गति बताते हैं। बिजनेस स्टैंडर्ड ने 7 जुलाई 2026 को इक्विरस की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि भारत का क्विक कॉमर्स बाजार 2026 में लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान था। ब्लिंकिट, इंस्टामार्ट और जेप्टो के डार्क स्टोर की संयुक्त संख्या मई 2026 में 5,026 हो गई, जबकि एक साल पहले यह 3,405 थी। यानी लगभग 48 प्रतिशत वृद्धि। डार्क स्टोर वे गोदाम हैं जहां सामान पहले से रखा जाता है और ऑर्डर मिलते ही उसकी पैकिंग तथा डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
इस विस्तार के पीछे उपभोक्ता की सुविधा के साथ कंपनियों की प्रतिस्पर्धा भी है। गोदामों का किराया, सामान का भंडारण, कर्मचारियों का भुगतान, तकनीक, परिवहन, पैकिंग और प्रचार पर खर्च इस कारोबार की लागत बढ़ाते हैं। ग्राहक को मिलने वाली छूट हमेशा कंपनी के मुनाफे का प्रमाण नहीं होती। कई बार छूट ग्राहक बढ़ाने की रणनीति होती है, तो कई बार प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने का तरीका।
कंपनियों के वित्तीय नतीजे भी यही बताते हैं कि तेजी से बढ़ते कारोबार में लाभ कमाना आसान नहीं है। रॉयटर्स की 22 जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, ब्लिंकिट का समायोजित परिचालन लाभ अप्रैल-जून तिमाही में 102 करोड़ रुपये रहा और उसका समायोजित ईबीआईटीडीए मार्जिन नेट ऑर्डर वैल्यू का 0.6 प्रतिशत था।ईबीआईटीडीए यानि ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और एमॉर्टाइजेशन से पहले की आय । यह सुधार महत्वपूर्ण है, लेकिन परिचालन लाभ को अंतिम शुद्ध मुनाफा नहीं समझना चाहिए। इसी क्षेत्र में कंपनियों की वित्तीय स्थिति अलग-अलग है। इसलिए केवल कारोबार के विस्तार को लाभप्रदता का प्रमाण मानना उचित नहीं होगा।
उपभोक्ता के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि क्या यह सुविधा वाकई बचत कराती है। मान लीजिए, किसी परिवार को दूध, ब्रेड और बिस्कुट खरीदने हैं। स्थानीय दुकान और मोबाइल ऐप की कुल कीमत की तुलना किए बिना यह तय नहीं किया जा सकता कि सस्ता विकल्प कौन-सा है। ऐप पर छूट आकर्षक हो सकती है, लेकिन डिलीवरी शुल्क या न्यूनतम ऑर्डर की शर्त से कुल खर्च बढ़ सकता है। दूसरी ओर, बाहर जाने में समय और परिवहन का खर्च लगता हो, तो घर तक सामान मंगाना फायदेमंद भी हो सकता है। इसलिए क्विक कॉमर्स न हमेशा महंगा है, न हमेशा सस्ता।
ग्रांट थॉर्नटन भारत के 2022 के सर्वेक्षण में 81 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने क्विक कॉमर्स के उपयोग का कारण छूट और ऑफर बताया था। यह पुराना सर्वेक्षण है, इसलिए इसे आज के उपभोक्ताओं की पसंद का ताजा आकलन नहीं माना जा सकता। फिर भी यह सवाल प्रासंगिक है कि खरीदारी जरूरत के कारण हो रही है या छूट के आकर्षण में।
उपभोक्ता जागरूकता यहीं महत्वपूर्ण हो जाती है। खरीदारी से पहले जरूरत और बजट तय करना चाहिए। केवल छूट का प्रतिशत देखकर निर्णय न लें, बल्कि समान मात्रा वाले उत्पादों की प्रति इकाई कीमत, पैक पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य, डिलीवरी शुल्क और अन्य शर्तें भी देखें। उत्पाद की गुणवत्ता, मात्रा, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि पर ध्यान दें। हर छोटे ऑर्डर के बजाय जरूरत के सामान की सूची बनाना अनावश्यक खरीदारी घटा सकता है। महीने के अंत में ऐप से हुई कुल खरीदारी का हिसाब स्थानीय दुकान से किए गए खर्च के साथ मिलाकर देखना चाहिए। ग्राहक का समय कीमती है, लेकिन उसकी बचत भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
इस बदलाव का दूसरा पक्ष स्थानीय किराना दुकानदार हैं। भारत में मोहल्ले की दुकान केवल सामान बेचने का केंद्र नहीं है। दुकानदार ग्राहक की जरूरत पहचानता है, कई बार उधार देता है, कम मात्रा में सामान उपलब्ध कराता है और जरूरत पड़ने पर घर तक पहुंचाता है। उसके कारोबार से परिवार, कर्मचारी, स्थानीय वितरक और छोटे आपूर्तिकर्ता जुड़े होते हैं। ग्राहक की खरीदारी का बड़ा हिस्सा डिजिटल मंचों पर जाने से इस पूरी आर्थिक शृंखला पर दबाव पड़ सकता है।
हालांकि स्थानीय दुकानों की चुनौतियों के लिए केवल क्विक कॉमर्स को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा। महंगाई, दुकान का किराया, पूंजी की कमी, बड़ी खुदरा दुकानों से प्रतिस्पर्धा और बदलती उपभोक्ता पसंद भी इसके कारण हैं। लेकिन बड़ी कंपनियों की भारी छूट, विज्ञापन और तकनीकी निवेश के सामने सीमित संसाधनों वाले दुकानदार के लिए प्रतिस्पर्धा कठिन जरूर है।
समाधान तकनीक का विरोध नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों को उसके साथ सक्षम बनाना है। दुकानदार डिजिटल भुगतान, फोन या संदेश से ऑर्डर लेने, स्थानीय डिलीवरी और ग्राहकों से बेहतर संपर्क जैसे उपाय अपना सकते हैं। ओएनडीसी जैसे खुले डिजिटल वाणिज्य नेटवर्क उन्हें ऑनलाइन बाजार में भागीदारी का विकल्प देते हैं। हालांकि केवल डिजिटल मंच से जुड़ने से बिक्री बढ़ने की गारंटी नहीं है। उचित कीमत, विश्वसनीय आपूर्ति और अच्छी सेवा भी जरूरी हैं। सरकार को डिजिटल बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा, पारदर्शी शुल्क और उपभोक्ता शिकायतों के प्रभावी समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
रोजगार के संदर्भ में भी संतुलित दृष्टिकोण जरूरी है। क्विक कॉमर्स ने गोदाम, पैकिंग, परिवहन और डिलीवरी में काम के अवसर पैदा किए हैं। लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा, उचित भुगतान और काम की स्थिरता भी महत्वपूर्ण हैं। तेज डिलीवरी की होड़ में किसी कर्मचारी पर असुरक्षित समय-दबाव नहीं पड़ना चाहिए। ग्राहक की सुविधा किसी दूसरे व्यक्ति के जोखिम की कीमत पर नहीं मिलनी चाहिए।
सवाल यह नहीं है कि खरीदारी मोबाइल से की जाए या बाजार जाकर। सवाल यह है कि हम किस परिस्थिति में कौन-सा विकल्प चुनते हैं। तत्काल जरूरत में क्विक कॉमर्स उपयोगी है, जबकि स्थानीय दुकान उचित कीमत, अच्छी गुणवत्ता और भरोसेमंद सेवा दे रही हो, तो उससे खरीदारी करना भी समझदारी है। खरीदारी का निर्णय सुविधा के साथ गुणवत्ता, उचित कीमत और स्थानीय रोजगार को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।
बाजार की कीमत केवल सामान के बिल से नहीं मापी जाती। उसमें स्थानीय परिवारों की आजीविका, आपसी भरोसा और शहर की सामाजिक जीवंतता भी शामिल है। तकनीक हमारा समय बचाए और जीवन सरल करे, इसका स्वागत होना चाहिए। मगर विकास की दौड़ में यह नहीं भूलना चाहिए कि ग्राहक के दरवाजे तक सामान पहुंचाने वाली व्यवस्था तभी सार्थक है, जब वह समाज की व्यापक आर्थिक सेहत को भी मजबूत करे। आखिर क्लिक हमारी उंगली करती है, लेकिन उसके दूरगामी परिणाम पूरे बाजार और समाज को भुगतने पड़ सकते हैं।






No Comment! Be the first one.