‘बेबी बॉस’ वैभव
समस्तीपुर के छोटे से गांव से निकलकर भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बन चुके वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। मात्र 29 गेंदों में 97 रन जड़ने...

15 साल की उम्र में तूफानी अंदाज : कई विश्व रिकार्ड्स ध्वस्त
कुछ बच्चे सिर्फ सपने नहीं देखते, वे कम उम्र में ही इतिहास लिखना शुरू कर देते हैं। कुछ ऐसे ही इरादों वाले हैं वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने मात्र 15 साल की आयु में कई बड़े रिकार्ड ध्वस्त कर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है।
जिस उम्र में किशोर स्कूल और भविष्य के सपनों की उलझनों में रहते हैं, उस उम्र में वैभव दुनिया के सबसे खतरनाक टी-20 गेंदबाजों को ऐसी बेरहमी से धुन रहे हैं कि पूरा क्रिकेट जगत स्तब्ध है। 27 मई 2026 की शाम न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर जो हुआ, उसे केवल एक पारी कहना शायद क्रिकेट के साथ अन्याय होगा। वह बल्लेबाजी नहीं थी, बल्कि गेंदबाजों पर खुला हमला था।
Table Of Content
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने मात्र 29 गेंदों में 12 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 97 रन बना डाले। मैच के बाद वैभव ने कहा कि यदि उन्होंने फील्डर को नहीं देखा होता तो शायद 29 गेंदों में शतक पूरा हो जाता। उनका स्ट्राइक रेट 334 से भी अधिक रहा। वे केवल तीन रन से आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी ने कई बड़े रिकार्ड्स ध्वस्त कर दिए।
गेल अब वैभव के पीछे
सबसे बड़ा रिकार्ड था एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक छक्कों का। वैभव ने 65 छक्के लगाकर लंबे समय से कायम क्रिस गेल का रिकार्ड ध्वस्त कर दिया। साथ ही आईपीएल प्लेऑफ इतिहास के सबसे तेज अर्धशतकों की सूची में भी अपना नाम दर्ज करा दिया। 15 साल की उम्र में ऐसा कारनामा क्रिकेट इतिहास में बेहद दुर्लभ माना जाता है। मैदान पर उनका अंदाज ऐसा था मानो नेट प्रैक्टिस चल रही हो। पैट कमिंस जैसे विश्व स्तरीय कप्तान और गेंदबाज बेबस नजर आए। पहली ही गेंद से हमला करना अब उनकी पहचान बन चुका है।
क्रिकेट में प्रतिभा अक्सर धीरे-धीरे पहचान बनाती है, लेकिन वैभव जैसे कुछ खिलाड़ी भी होते हैं जो आते ही अपने इरादे जाहिर कर देते हैं। उनके बल्ले से निकलने वाले शॉट्स में केवल ताकत नहीं, बल्कि स्पष्ट सोच और आत्मविश्वास भी दिखाई देता है। कवर ड्राइव, पुल शॉट और लंबे छक्के खेलने की क्षमता उन्हें अन्य युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है। खास बात यह है कि उनका खेल ताकत के साथ ही शानदार टाइमिंग और संतुलन पर भी टिका हुआ है।
अविश्वसनीय बैट स्विंग
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर कहते हैं, ‘उनका बैट स्विंग अविश्वसनीय है और शॉट खेलते समय उनका सिर बिल्कुल स्थिर रहता है। मैंने इतनी कम उम्र में किसी बल्लेबाज को इस तरह बल्लेबाजी करते नहीं देखा।’ सचिन तेंदुलकर ने वैभव की बल्लेबाजी को ‘नथिंग शॉर्ट ऑफ स्पेक्टैकुलर’ बताया, जबकि क्रिकेट विशेषज्ञ इयान बिशप ने इसे ‘दुर्लभ और असाधारण बल्लेबाजी’ करार दिया।
क्रिकेट का जुनून
बिहार के समस्तीपुर जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय क्रिकेट चर्चाओं तक पहुंचने वाला यह सफर आसान नहीं था। सीमित संसाधनों और साधारण माहौल के बीच वैभव ने क्रिकेट को जुनून की तरह जिया। उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने बचपन में ही बेटे की प्रतिभा को पहचान लिया था। गांव के मैदानों से शुरू हुआ अभ्यास धीरे-धीरे जिला और फिर राज्य स्तर तक पहुंच गया। कम उम्र में ही वैभव ने यह संकेत दे दिया था कि वे बड़े मंच पर कारनामा करने को तैयार हैं। रणजी ट्रॉफी से लेकर अंडर-19 क्रिकेट और अब आईपीएल तक उन्होंने हर स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। वे दबाव में कभी नहीं घबराते, बल्कि विपक्षी टीम पर ही दबाव बना देते हैं।
हालांकि कम उम्र में मिली लोकप्रियता अपने साथ बड़ी चुनौतियां भी लेकर आती है। आने वाले समय में वैभव के सामने सबसे बड़ी परीक्षा अपनी निरंतरता, फिटनेस और मानसिक संतुलन बनाए रखने की होगी। लेकिन जिस आत्मविश्वास और मेहनत के साथ वे आगे बढ़ रहे हैं, उसे देखकर क्रिकेट जगत को अगला बड़ा सुपरस्टार नजर आने लगा है।
वैभव सूर्यवंशी अब उन हजारों युवाओं की उम्मीद बन चुके हैं जो छोटे शहरों और गांवों से बड़े सपने लेकर निकलते हैं। भारतीय क्रिकेट के आसमान पर यह नया सितारा अभी और तेज चमकने वाला है।






No Comment! Be the first one.