राष्ट्रीय संस्थानों से बनी जोधपुर की वैश्विक पहचान
भारत सरकार के ये संस्थान आज टेक्नोलॉजी, मेडिकल, डिजाइन, मैनेजमेंट, फैशन एजुकेशन, फुटवियर, लॉ, रिसर्च एंड डवलपमेंट, ट्रेनिंग, कंसलटेंसी और दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्रों में बेंचमार्किंग परफॉर्मेंस और...

जोधपुर स्थापना दिवस विशेष
-डॉ. मनीष शर्मा,
असिस्टेंट प्रोफेसर, निफ्ट, जोधपुर
Table Of Content
- जोधपुर स्थापना दिवस विशेष
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)
- नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू)
- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)
- राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट)
- फुटवियर डिजाइन एंड डवलपमेंट इंस्टिट्यूट (एफडीडीआई)
- भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएचटी)
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नु) जोधपुर
पश्चिमी राजस्थान अपनी एक अलग पहचान रखता है, लेकिन यहां विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के संस्थान आ जाने से जोधपुर की पहचान राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा नगरी के रूप में हो गई है। इन संस्थानों में प्रमुख रूप से आईआईटी, एम्स, एफडीडीआई, इग्नु, आईआईएचटी, एनएलयू, निफ्ट प्रमुख है। भारत सरकार के ये संस्थान आज टेक्नोलॉजी, मेडिकल, डिजाइन, मैनेजमेंट, फैशन एजुकेशन, फुटवियर, लॉ, रिसर्च एंड डवलपमेंट, ट्रेनिंग, कंसलटेंसी और दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्रों में बेंचमार्किंग परफॉर्मेंस और प्रोसेस में अहम रोल अदा कर रहे हैं। जोधपुर में इन संस्थानों में करीब 20 राज्यों के स्टूडेन्ट्स अपना करियर संवार रहे हैं।
https://rajasthantoday.online/may-2025-3#flipbook-df_1698/1/
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)
आईआईटी के जोधपुर में स्थापित होने के साथ दुनियाभर में इस शहर की चर्चा होने लगी। किसी शहर में बहु-विषयक दृष्टिकोण के साथ परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने वाला एक भविष्य-संचालित संस्थान होना सौभाग्य की बात होती है। यहां संयुक्त अनुसंधान/परियोजनाओं, आईपीआर विकास, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और उद्यमिता/स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए बहुत काम किया जा रहा है। यहां दुनिया भर से शिक्षाविदों, शोध संस्थानों, व्यावसायिक संगठनों, नागरिक समाज, सरकारों और अन्य एजेंसियों के साथ प्रभावशाली साझेदारी बनाने के लिए एक कुशल मंच तैयार किया गया है, जिससे युवाओं को तकनीक के क्षेत्र में नवाचारों में अधिक विकल्प मिल सकें। यहां के इनोवेशन की आज दुनियाभर में चर्चा है। यह संस्थान लंबे समय से आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू)
इस संस्थान को भारत के शीर्ष लॉ स्कूलों में से एक है। 1999 में अपनी स्थापना के बाद से एनएलयू ने ज्ञान की मौजूदा सीमाओं को आगे बढ़ाने और चुनौती देने के उद्देश्य से एडवोकेट और कानूनी विद्वान तैयार करने का प्रयास किया है। यह संस्थान भारत के सभी कोनों से विविध सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पृष्ठभूमि से आने वाले शीर्ष गुणवत्ता वाले छात्रों को आकर्षित करता है। इस संस्थान से पास होने वाले छात्र भारत और विदेशों में शीर्ष लॉ फर्मों में काम करते हैं, न्यायाधीय बनते है, कुछ अदालतों में अभ्यास करते हैं और कुछ कानूनी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाते है। यहां स्नातक कोर्स में बीएएलएलबी और बीबीए एलएलबी संचालित है और कॉर्पोरेट लॉ, आईपीआर लॉ, इंटरनेशनल ट्रेड लॉ एंड पब्लिक लॉ में एलएलएम संचालित है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)
यह एक प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, जो चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है। संस्थान की शैक्षिक कार्यक्रम, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाएं इसे एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा प्रदाता बनाती हैं। एम्स जोधपुर का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करना है और यह संस्थान इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए निरन्तर प्रयास कर रहा है। यहां एमबीबीएस पाठ्यक्रम संचालित है। इसके अलावा पीजी पाठ्यक्रम, डीएम/एम सीएच कार्यक्रम, पोस्ट बेसिक डिप्लोमा कार्यक्रम, संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान पाठयक्रम, आईआईटी— एम्स संयुक्त कार्यक्रम और पीएचडी कोर्स संचालित है। यहां बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पैरामेडिकल कोर्स और पब्लिक हेल्थ में मास्टर डिग्री भी कराई जाती है। इस प्रकार जोधपुर की मेडिकल शिक्षा में इस संस्थान से ऐतिहासिक क्रांति आई है।
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट)
यह भारत में फैशन टेक्नोलॉजी, फैशन डिजाइन, प्रबंधन और वस्त्र निर्माण तकनीकी के शिक्षण एवं अनुसंधान की सर्वश्रेष्ठ और प्रमुख संस्थान है। वर्ष 1986 में भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय ने निफ्ट की एक शीर्ष संस्थान के रूप में स्थापना की गई है। भारत की संसद द्वारा पारित निफ्ट अधिनियम (2006) के माध्यम से निफ्ट को अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों आईआईटी, आईआईएम की भांति फैशन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शिक्षा तथा शिक्षा के विकास और अनुसंधान के लिए सांविधिक दर्जा प्रदान किया गया है, जिससे यह संस्थान अपने विद्यार्थियों को डिग्री, सर्टिफिकेट तथा पीएचडी प्रदान करती है। इस संस्थान ने उत्कृष्ट शिक्षण के माध्यम से फैशन उद्योग जगत को उत्कृष्ट डिजाइनर, प्रबंधक, विनिर्माण प्रौद्योगिकी के विशेषज्ञ प्रदान किए हैं। निफ्ट फैशन के क्षेत्र में शिक्षा प्रदान करने में भारत की सर्वश्रेष्ठ संस्थान है, जो भारतीय फैशन उद्योग और वैश्विक फैशन उद्योग को क्वालिफाइड तकनीकी प्रोफेशनल्स प्रदान करने की भूमिका भी अदा करता है। निफ्ट के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा आयोजित की जाती है। देशभर में निफ्ट के 19 केन्द्र संचालित है। इनमें प्रमुख रूप से फैशन डिजाइन, फैशन कम्युनिकेशन, एक्सेसरी डिजाइन, फैशन टैक्नोलॉजी, फैशन मैनेजमेंट, टैक्सटाइल डिजाइन, लैदर डिजाइन पाठ्यक्रमों में शिक्षा दी जाती है। निफ्ट की ओर से राजस्थान की कला, वेशभूषा और संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाने के लिए विभिन्न प्रदर्शनी, फैशन शो कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आयोजित कर चुके हैं।
फुटवियर डिजाइन एंड डवलपमेंट इंस्टिट्यूट (एफडीडीआई)
एफडीडीआई एक प्रमुख शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थान है, जो फुटवियर और उत्पाद, चमड़ा उत्पाद, खुदरा और फैशन मर्चेंडाइज़ और फैशन डिज़ाइन क्षेत्रों के विकास और वृद्धि के लिए समर्पित है। एफडीडीआई की पूरे भारत में उपस्थिति है और देश भर में इसके 12 अत्याधुनिक परिसर हैं। इसमें विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा और सुविधाएं हैं। एफडीडीआई अपने कार्यक्रमों के माध्यम से उच्च स्तरीय प्रशिक्षित विशेषज्ञ पेशेवरों को तैयार करने के लिए जाना जाता है। एफडीडीआई में बैचलर डिग्री के रूप में बीडेस फुटवियर डिजाइन एवं प्रोडक्शन, रिटेल एवं फैशन मर्चेंडाइज, फैशन डिजाइन, लैदर लाइफस्टाइल एंड प्रोडक्ट डिजाइन कोर्स संचालित है। मास्टर डिग्री के रूप में एमडेस रिटेल एवं फैशन मर्चेंडाइज, फैशन डिजाइन, फुटवियर डिजाइन एवं प्रोडक्शन कोर्स संचालित है। इसके अलावा यह लघु अवधि के उद्योग विशिष्ट कार्यक्रम भी प्रदान करता है।
भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएचटी)
जोधपुर के चोखा रोड़ स्थित यह एक प्रमुख शैक्षिक संस्थान है, जो हथकरघा प्रौद्योगिकी और हस्तशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है। यह संस्थान भारत में हथकरघा उद्योग के विकास और संवर्धन के लिए काम करता है। यह उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करता है। संस्थान का उद्देश्य हथकरघा कारीगरों के कौशल और ज्ञान को बढ़ावा देना है। संस्थान के पाठ्यक्रम, अनुसंधान और विकास गतिविधियां इसे एक प्रमुख शैक्षिक संस्थान बनाती हैं। आईआईएचटी जोधपुर में हैण्डलूम एंड टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा संचालित है।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नु) जोधपुर
विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा, सामुदायिक शिक्षा और निरंतर व्यावसायिक विकास के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय अपने द्वारा पेश किए जा रहे शैक्षिक अवसरों को बढ़ाने के लिए प्रतिष्ठित सार्वजनिक संस्थानों और निजी उद्यमों के साथ नेटवर्किंग कर रहा है। 1985 में संसद के एक अधिनियम द्वारा स्थापित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नु) ने समावेशी शिक्षा के माध्यम से एक समावेशी ज्ञान समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किया है। इसने मुक्त और दूरस्थ शिक्षा मोड के माध्यम से उच्च-गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान करके सकल नामांकन अनुपात को बढ़ाने का प्रयास किया है। इस तरह जोधपुर करवड़ स्थित इस संस्थान से पश्चिमी राजस्थान में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने मे अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस प्रकार जोधपुर में राष्ट्रीय संस्थानों की स्थापना ने शहर की पहचान को बढ़ाया है और इसे एक प्रमुख शैक्षिक, तकनीक और चिकित्सा केंद्र के रूप में स्थापित किया है। एम्स, एनएलयू, आईआईटी और एनआईएफटी जैसे संस्थान जोधपुर को एक नई पहचान दे रहे हैं, जो न केवल शहर के विकास में योगदान दे रहे हैं, बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान भी बना रहे हैं।






No Comment! Be the first one.