ये भारत की जीत… सीजफायर पर जानें.. किसने क्या कहा
युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता, बल्कि इससे उन निर्दोषों की जानें जाती हैं, जिनका सीधे तौर पर इससे कोई सरोकार नहीं होता। सभी ने शांति व अमन की बात...

भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम (सीजफायर) पर सहमति बनने के बाद देश भर के नेताओं व फिल्मी हस्तियों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अधिकतर ने इसे सराहा ही हैं और उन्होंने माना कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता, बल्कि इससे उन निर्दोषों की जानें जाती हैं, जिनका सीधे तौर पर इससे कोई सरोकार नहीं होता। सभी ने शांति व अमन की बात की।
कांग्रेस नेता शशि थरूर – ‘भारत-पाक के बीच युद्धविराम समझौते का स्वागत है। शांति जरूरी है, मैं बहुत खुश हूं। भारत कभी भी दीर्घकालिक युद्ध नहीं चाहता था। भारत आतंकवादियों को सबक सिखाने के लिए युद्ध चाहता था और वह सबक सिखाया गया है।’
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला – ‘अगर संघर्ष विराम की घोषणा कुछ दिन पहले की गई होती, तो कीमती जानें बचाई जा सकती थीं। सरकार नुकसान का आकलन करने और लोगों को राहत प्रदान करने, घायलों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है। अब जबकि युद्ध विराम हो चुका है, मुझे उम्मीद है कि हवाई अड्डों को जल्दी से फिर से खोला जा सकेगा और नागरिक उड़ानें फिर से शुरू हो सकेंगी।’
पीडीपी प्रमुख और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती – ‘युद्ध विराम कश्मीर के लोगों के लिए बहुत खुशी की बात है, जो कई दिन से गोलाबारी के शिकार हो रहे हैं। अब लोग चैन की नींद सोएंगे। हमारे देश को सभी देशों का बड़ा भाई बनना चाहिए और मुद्दों को सुलझाना चाहिए। उम्मीद है कि दोनों देश इस क्षेत्र के लिए स्थायी शांति की दिशा में काम करेंगे।’
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल – ‘मैं युद्ध विराम का स्वागत करता हूं और दोनों पक्षों को बधाई देता हूं। अब हम उन निर्दोष लोगों की जान नहीं जाने देंगे, जिनका युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है…उन्हें (पाकिस्तान को) यह सब रोकना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि इन आतंकवादी शिविरों को खत्म कर दिया जाए।’
आरजेडी सांसद मनोज झा – ‘इतिहास में भारत ने कभी युद्ध नहीं चाहा, युद्ध हमेशा हम पर थोपा गया है, लेकिन जब भी हमने युद्ध लड़ा है, बहादुरी से लड़ा है। मैं सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करता हूं। यहां भी हमारे सशस्त्र बलों ने केवल आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया है, नागरिकों और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया गया। बदले में हमें क्या मिला? हमारे नागरिक मारे गए। यही भारत और पाकिस्तान के बीच अंतर है।’
इस बीच बॉलीवुड सितारों ने भी राहत की सांस ली है और भारतीय सेना को अपना समर्थन देते हुए कहा है कि उन्हें हमारे उन नायकों पर गर्व है जो अनगिनत भारतीयों की जान बचाते हैं।
अभिनेत्री रवीना टंडन – ‘यह एक स्वागत योग्य निर्णय है, लेकिन अब और कभी भी भारत का फिर से खून नहीं बहना चाहिए। मैं एक नागरिक के रूप में अपने देश का हर संभव तरीके से समर्थन करूंगी।’
सैफ अली खान – ‘मैं अपनी सरकार और पहलगाम में निर्दोष लोगों के कत्लेआम पर उनकी प्रतिक्रिया के साथ पूरी एकजुटता और समर्थन में खड़ा हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हमारी धरती पर हुए इस हालिया आतंकी हमले की हिंसा से टूट चुके परिवारों के साथ हैं। मैं हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी और साहस को सलाम करता हूं और हमें सुरक्षित रखने के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि हम सभी आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हों। जय जवान, जय हिंद।’
सोनाली बेंद्रे – ‘हमारे सशस्त्र बलों की गरिमा को कभी भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। वे इस देश में सभी के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, केवल अटूट कर्तव्य और भूमि के प्रति प्रेम से प्रेरित होते हैं। हम उनके हमेशा आभारी हैं, ताकि हम कल की चिंता किए बिना शांति से सो सकें। उनका साहस हमें विनम्र बनाता है। उनका बलिदान हमें एकजुट करता है। हमारे सशस्त्र बलों पर गर्व है।’
संजय दत्त – ‘हमारे लोगों पर लगातार हो रहे हमलों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम बिना किसी हिचकिचाहट के, बल्कि पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ जवाब देंगे। दुनिया को यह समझना चाहिए कि हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति या राष्ट्र के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन आतंकवादियों के खिलाफ है जो भय, अराजकता और विनाश पर पनपते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है, हम इस बार पीछे नहीं हटेंगे।’
करीना कपूर ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए लिखा “रब राखा, जय हिंद।” फिल्ममेकर करण जौहर ने भी सीजफायर पर भी अपना रिएक्शन दिया और उन्होंने एक न्यूज को शेयर करते हुए हाथ जोड़ने और हार्ट की इमोजी पोस्ट की है। संजय दत्त, अक्षय कुमार, अजय देवगन, चिरंजीवी, महेश बाबू, कंगना रनौत, अनुपम खेर सहित फिल्म बिरादरी के अन्य सदस्यों ने भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी को सलाम किया था।






No Comment! Be the first one.