हाईकोर्ट से रीको को बड़ी राहत, बोरानाडा में 1700 बीघा भूमि पर औद्योगिक विकास का रास्ता साफ
हाईकोर्ट ने भूमि अधिग्रहण को वैध ठहराया, रीको को मिली बड़ी राहत; निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ ने बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक...

हाईकोर्ट ने भूमि अधिग्रहण को वैध ठहराया, रीको को मिली बड़ी राहत; निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ ने बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) द्वारा किए गए भूमि अधिग्रहण को वैध ठहराते हुए एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। इस निर्णय के साथ ही लंबे समय से कानूनी विवाद में फंसी करीब 1700 बीघा भूमि पर औद्योगिक विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र में बड़े निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा और न्यायाधीश चंद्रशेखर शर्मा की खंडपीठ ने राज्य सरकार और रीको की विशेष अपीलों को स्वीकार करते हुए 8 सितंबर 2017 को एकल पीठ द्वारा दिए गए उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें 33 याचिकाओं को स्वीकार करते हुए अधिग्रहण प्रक्रिया रद्द कर दी गई थी।
खंडपीठ ने अपने फैसले में माना कि भूमि अधिग्रहण अधिकारी ने भूमि स्वामियों की आपत्तियों पर विधिसम्मत विचार किया था और उन्हें सुनवाई का पर्याप्त अवसर भी दिया गया था। अदालत ने यह भी कहा कि एकल पीठ ने तकनीकी पहलुओं पर आवश्यकता से अधिक हस्तक्षेप किया तथा पूरे अधिग्रहण को समग्रता में देखने के बजाय अलग-अलग बिंदुओं के आधार पर निर्णय दिया।
अदालत ने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण मामलों में न्यायिक समीक्षा का दायरा मुख्य रूप से निर्णय लेने की प्रक्रिया तक सीमित होता है, न कि नीति संबंधी निर्णयों के पुनर्मूल्यांकन तक।
औद्योगिक विकास को मिलेगा नया बल
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब रीको उस 1700 बीघा भूमि पर विकास कार्य आगे बढ़ा सकेगा, जो पूर्व में यथास्थिति आदेश के कारण उपयोग में नहीं लाई जा सकी थी। यह भूमि बोरानाडा के उन औद्योगिक क्षेत्रों के निकट स्थित है, जहां पहले से ही बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र, एग्रो फूड पार्क, ईपीआईपी तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा चुके हैं और करीब 1500 औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं।
इसी अधिग्रहित भूमि के कुछ हिस्से पर रीको हाल ही में मेडिकल डिवाइस पार्क, हैंडीक्राफ्ट एवं फर्नीचर पार्क तथा सामान्य श्रेणी की औद्योगिक इकाइयों के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर चुका है। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी राइजिंग राजस्थान योजना के तहत इन क्षेत्रों में निवेशकों की ओर से उल्लेखनीय रुचि देखने को मिली है।
हजारों रोजगार सृजन की उम्मीद
उद्योग जगत का मानना है कि शेष 1700 बीघा भूमि के विकास से जोधपुर में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। नए निवेश आने से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होंगे, जिससे पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
रीको ने संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही इस भूमि पर आधारभूत विकास कार्य शुरू कर भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा, ताकि निवेशकों को शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जा सके और बोरानाडा को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में और अधिक विकसित किया जा सके।






No Comment! Be the first one.