जोधपुर-अहमदाबाद ट्रेन के सफर में मोबाइल नेटवर्क देने में Jio सबसे आगे, BSNL सबसे पीछे
रेल रूट पर किस कंपनी का मोबाइल नेटवर्क सबसे बेहतर, TRAI की रिपोर्ट आई सामने जोधपुर। ट्रेन में सफर के दौरान बार-बार मोबाइल नेटवर्क गायब होने या इंटरनेट धीमा पड़ने की शिकायत करने वाले यात्रियों के लिए...

रेल रूट पर किस कंपनी का मोबाइल नेटवर्क सबसे बेहतर, TRAI की रिपोर्ट आई सामने
Table Of Content
जोधपुर। ट्रेन में सफर के दौरान बार-बार मोबाइल नेटवर्क गायब होने या इंटरनेट धीमा पड़ने की शिकायत करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने जोधपुर से अहमदाबाद रेल मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का स्वतंत्र आकलन जारी किया है। रिपोर्ट में चारों प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों के वॉयस और डेटा नेटवर्क का वास्तविक समय में परीक्षण किया गया, जिसमें डाउनलोड स्पीड के मामले में Jio सबसे आगे रहा, जबकि BSNL का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया। TRAI ने मई 2026 में अपनी नियुक्त एजेंसी के माध्यम से 456.9 किलोमीटर लंबे जोधपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग पर ड्राइव टेस्ट किया। इस दौरान ट्रेन में यात्रा करते हुए 2G, 3G, 4G और 5G नेटवर्क पर कॉलिंग, इंटरनेट स्पीड, कॉल ड्रॉप, सिग्नल स्ट्रेंथ और अन्य गुणवत्ता मानकों की जांच की गई।
Jio की डाउनलोड स्पीड सबसे अधिक
रिपोर्ट के अनुसार औसत डाउनलोड स्पीड इस प्रकार रही—
- Jio (5G/4G) : 89.61 Mbps
- Airtel (5G/4G) : 48.53 Mbps
- Vi (5G/4G/2G) : 12.71 Mbps
- BSNL (4G/3G/2G) : 7.95 Mbps

अपलोड स्पीड में Airtel आगे
औसत अपलोड स्पीड में Airtel ने बढ़त बनाई—
- Airtel : 11.69 Mbps
- Jio : 9.06 Mbps
- Vi : 8.81 Mbps
- BSNL : 3.76 Mbps

कॉल ड्रॉप में Airtel और Jio का बेहतर प्रदर्शन
ड्राइव टेस्ट के दौरान सफलतापूर्वक स्थापित कॉल में—
- Airtel : 0 कॉल ड्रॉप
- Jio : 0 कॉल ड्रॉप
- Vi : 4 कॉल ड्रॉप
- BSNL : 15 कॉल ड्रॉप
BSNL में सबसे ज्यादा कवरेज गैप
TRAI ने खराब सिग्नल वाले नमूनों के आधार पर कवरेज गैप भी दर्ज किया। रिपोर्ट के अनुसार BSNL में सबसे अधिक नेटवर्क गैप मिला, जबकि Jio का कवरेज सबसे बेहतर रहा।
इन स्टेशनों के बीच हुआ परीक्षण
ड्राइव टेस्ट जोधपुर से अहमदाबाद के बीच भगत की कोठी, लूणी जंक्शन, समदड़ी, मोकलसर, जालौर, भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी, पाटन और महेसाणा सहित पूरे रेल मार्ग पर किया गया।
यात्रियों को कैसे मिलेगा फायदा?
TRAI का कहना है कि ऐसे स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य यात्रियों को विभिन्न कंपनियों की वास्तविक नेटवर्क गुणवत्ता की जानकारी देना तथा टेलीकॉम कंपनियों को अपने नेटवर्क में सुधार के लिए प्रेरित करना है। रिपोर्ट संबंधित सेवा प्रदाताओं को भी भेज दी गई है ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें।





No Comment! Be the first one.